शिमला. हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए करीब 15 महीने बचे हैं और प्रदेश की सिसायत में अब बयानबाजी तेज होने लगी है. हाल ही में पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा था कि कांग्रेस का बड़ा नेता पार्टी छोड़कर उनकी टीम में आ रहा है.
हालांकि, सीएम सुक्खू ने मामले में बयान देकर मुद्दे को लेकर बड़ा संकेत दिया है. सीएम ने कहा कि पहले छह नेता कांग्रेस छोड़कर गए थे और अब कोई और भी जाना चाहता है तो जाए. ऐसे में क्यासबाजी शुरू हो गई कि क्या सच में कोई नेता जा रहा है. जयराम ठाकुर ने किसी का नाम नहीं लिया था. 2024 में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद छह विधायक भाजपा मे चले गए थे.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यक्रम को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस के बड़े नेता थे. उनकी जन्मस्थली पर आयोजित कार्यक्रम को गुटबाजी से जोड़ना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की मूर्ति के अनावरण समारोह में उन्हें भी आमंत्रित किया गया था.
सुक्खू ने कहा कि जब शिमला में वीरभद्र सिंह की मूर्ति का अनावरण हुआ था, उस समय सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद थे. ऐसे में वीरभद्र सिंह के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को राजनीतिक गुटबाजी से जोड़ना उचित नहीं है.
हर्ष महाजन पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उनसे बाद में राजनीति में आए थे और अब यह बताने लगे हैं कि कौन क्या बनेगा. सुक्खू ने कहा कि इस तरह के बयान भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी को दर्शाते हैं. मुख्यमंत्री के इस बयान को प्रदेश भाजपा में नेतृत्व और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चल रही बयानबाजी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए विधायकों की वापसी पर बोले CM
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए विधायकों की संभावित वापसी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस उन्हें वापस लेना नहीं चाहती. उन्होंने कहा कि जिन्हें भाजपा में जाना है, वे चले जाएं. मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ संकेत मिले हैं कि दल बदलकर भाजपा में गए नेताओं की कांग्रेस में वापसी को लेकर फिलहाल पार्टी की ओर से कोई नरम रुख नहीं दिखाया जा रहा है.
2024 में गए थे छह विधायक
हिमाचल में 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के तत्कालीन छह विधायक सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, राजेंद्र राणा, इंद्रदत्त पाल लखन, चैतन्य शर्मा और देवेंद्र भुट्टो ने कांग्रेस के खिलाफ वोट दिया था और फिर सियासी घमासान के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे.
नवंबर में होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
सीएम सुक्खू ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र नवंबर में आयोजित किया जाएगा. सत्र की तारीखों और अन्य औपचारिकताओं को लेकर आगे जानकारी सामने आने की संभावना है. चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए.