MP चुनाव के लिए कांग्रेस का मेगा प्लान! ‘छात्रों की गूंज’ की तर्ज पर अब हर महीने प्रोग्राम, ये होंगे मुद्दे

MP चुनाव के लिए कांग्रेस का मेगा प्लान! ‘छात्रों की गूंज’ की तर्ज पर अब हर महीने प्रोग्राम, ये होंगे मुद्दे


Bhopal News: मध्यप्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी अब शिक्षा, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, सड़क, पानी, जंगल और जमीन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है. कांग्रेस की कोशिश है कि इन मुद्दों को लगातार जनता के बीच ले जाकर सरकार पर दबाव बनाया जाए. कांग्रेस लंबे समय बाद युवाओं को पार्टी से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है. राहुल गांधी के कार्यक्रम छात्रों की गूंज की सीरीज भी इसलिए आयोजित की जा रही है.

छात्रों की गूंज को व्यापक बनाने की तैयारी
इंदौर में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा दिखाई दे रही है. एमपी कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के छात्रों और युवाओं से जुड़े हालिया कार्यक्रमों से बने माहौल को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस एक टास्क फोर्स तैयार करने की दिशा में काम कर रही है. इस टास्क फोर्स के जरिए छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा. चुनाव तक हर महीने अलग-अलग शहरों में छात्र और युवा समस्याओं को लेकर बड़े कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है.

स्थानीय मुद्दों को बड़ा बनाने की तैयारी
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय स्तर की समस्याओं को प्रदेशव्यापी मुद्दों में बदलने की कोशिश करेगी. रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा.

इन्हीं मुद्दों पर लड़ेंगे चुनाव: पीसी शर्मा
कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि पार्टी पेपर लीक, भ्रष्टाचार, रोजगार, नौकरी, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष करेगी. उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को आधार बनाकर कांग्रेस 2027 के नगरीय निकाय चुनाव और 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी.

वहीं, राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए हैं. भाजपा ने कार्यक्रम के दौरान माताओं के अपमान का आरोप लगाया है. कांग्रेस ने भाजपा के इस आरोप को खारिज कर दिया है.

भाजपा बोली- कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी
भाजपा प्रवक्ता शावर आलम ने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं करती. उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ भाजपा का मूल मंत्र है और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों को समान रूप से मिल रहा है.

मुमेंटम बनाए रखना चुनौती
अब कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वह इन मुद्दों को लगातार जनता के बीच कितनी मजबूती से बनाए रख पाती है और सरकार को इन पर जवाब देने के लिए कितना मजबूर कर पाती है. मध्यप्रदेश में किसान, युवाओं, स्टूडेंट्स, आदिवासी और महिलाओं के मुद्दे हमेशा से सियासत के केंद्र में रहे हैं लेकिन कांग्रेस कई बार इन्हें प्रभावी तरीके से उठाने में विफल भी हो जाती है.



Source link