मारपीट की शिकायत में बुलाया तो नहीं आया, घर पहुंची पुलिस पर हमला, जानिए उज्जैन के नागझिरी में क्या हुआ


Last Updated:

Ujjain News: उज्जैन के उन्हेल थाना क्षेत्र के नागझिरी गांव में आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर लाठी और पत्थरों से हमले का आरोप है. घटना में एसआई धारासिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. जानिए क्या है पूरा मामला…

Top Deals Inside

8 दिन थाने नहीं पहुंचा आरोपी, पुलिस घर गई तो हुआ हमला; 7 आरोपियों की तलाश जारीZoom

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के गांव नागझिरी में आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है. आरोप है कि खेत पर बने मकान में दबिश देने गई पुलिस पर परिजनों ने लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया. इस घटना में एसआई धारासिंह चावड़ा समेत चार पुलिसकर्मी बुरी तरह से घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, करीब आठ दिन पहले एक महिला ने अपने पड़ोसी सरदार सिंह बंजारा के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, लेकिन वह लगातार आठ दिनों तक थाने नहीं पहुंचा.

दबिश के दौरान हुआ विवाद
इसके बाद बुधवार यानी 21 अक्टूबर दोपहर करीब 12 बजकर 15 मिनट पर एसआई धारासिंह चावड़ा पुलिस टीम के साथ नागझिरी में आरोपी के मकान पर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, घर पर मौजूद आरोपी की पत्नी ने कहा कि वह बाहर गया है. लेकिन इसी दौरान आरोपी दरवाजे के पीछे दिखाई दिया. जब एसआई ने उसे थाने चलने के लिए कहा, तो विवाद शुरू हो गया.

पुलिस के मुताबिक, देखते ही देखते परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया. इस हमले में एसआई चावड़ा के हाथ और गाल पर चोट आई. आरक्षक विक्रम राघव, पंकज खरते और महिला आरक्षक नेहा भालसे भी घायल हो गए. आरोपियों पर एसआई की वर्दी फाड़ने का भी आरोप है.

पुलिस की कार्रवाई
वहीं, घटना के बाद से ही आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. पूछताछ के लिए दो महिलाओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है. थाना प्रभारी संतोष चौहान के अनुसार, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. इस घटना के बाद गांव में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला. फिलहाल, मामले की जांच चल रही है.



Source link