MP में टैंकर के पहियों के बीच जान-बूझकर लेटा किसान, वाहन चलते ही दर्दनाक मौत

MP में टैंकर के पहियों के बीच जान-बूझकर लेटा किसान, वाहन चलते ही दर्दनाक मौत


Last Updated:

Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम में एक किसान आत्महत्या के इरादे से टैंकर के नीचे लेट गया. कुछ देर बाद टैंकर चल पड़ा और पहियों के नीचे आने से किसान की दर्दनाक मौत हो गई. घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. किसान ने खुदकुशी क्यों की, इसका पता लगाया जा रहा है.

Zoom

किसान के खुदकुशी करने की घटना पास में लगे CCTV में कैद हो गई.

रिपोर्ट- सुधीर जैन, रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम में एक किसान की आत्महत्या का लाइव वीडियो सामने आया है. वह जान-बूझकर टैंकर के नीचे लेट गया. कुछ देर बाद जैसे ही टैंकर चला, पहिये किसान के ऊपर से गुजर गए. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है. किसान के खुदकुशी करने की यह घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. उसके इस कदम से हर कोई सन्न है. परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मामला रतलाम जिले के बड़ावदा थाना क्षेत्र का है. मृतक किसान का नाम मांगीलाल प्रजापत (28) बताया जा रहा है. वह गुर्जर बर्डिया गांव का रहने वाला था. घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें किसान टैंकर के पहियों के बीच जाकर लेट जाता है. कुछ देर बाद टैंकर के गुजरने से उसकी दर्दनाक मौत हो जाती है.

बताया जा रहा है कि मांगीलाल प्रजापत के पास करीब डेढ़ बीघा जमीन थी, जिसपर वह खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था. किसान के परिवार में उसकी पत्नी, दो बच्चे और 80 वर्षीय पिता हैं. मांगीलाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. खुदकुशी के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. बड़ावदा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. किसान की मौत के पीछे की असल वजह जानने के लिए जांच के निष्कर्षों का इंतजार है.

रतलाम के एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने इस घटना के बारे में कहा कि सीसीटीवी सामने के बाद यह मामला संज्ञान में आया है. मर्ग कायम कर लिया है. किसान ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.



Source link