Last Updated:
UPSSSC PET 2026: यूपीएसएसएससी पीईटी 2026 परीक्षा 25 अक्टूबर से होगी. यूपी पीईटी 2026 परीक्षा डेट, एडमिट कार्ड और गाइडलाइस ऑफिशियल वेबसाइट upsssc.gov.in पर चेक कर सकते हैं. इसमें ग्राफ-टेबल 20 नंबर के रहेंगे. ये आपके लिए सबसे स्कोरिंग साबित हो सकते हैं.
UPSSSC PET 2026: यूपी पीईटी परीक्षा दो शिफ्ट में होगी
नई दिल्ली (UPSSSC PET 2026). उत्तर प्रदेश पीईटी यानी प्रारंभिक पात्रता परीक्षा राज्य की सबसे बड़ी परीक्षाओं में शामिल है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की पीईटी परीक्षा पास करके राज्य की तमाम मुख्य भर्तियों के पात्र हो सकते हैं. हर साल लाखों युवा विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी के लिए यूपी पीईटी परीक्षा में शामिल होते हैं. यूपीएसएसएससी पीईटी का स्कोरकार्ड ग्रुप ‘सी’ लेवल की नौकरियों के दरवाजे खोलता है.
यूपी पीईटी 2026 परीक्षा शेड्यूल
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक पात्रता परीक्षा के लिए रिवाइज्ड शेड्यूल जारी कर दिया है. ऑफिशियल अपडेट के मुताबिक, UPSSSC PET 2026 की परीक्षाएं 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को होंगी. यह परीक्षा राज्य के विभिन्न केंद्रों पर 2 पालियों में ऑफलाइन मोड यानी OMR बेस्ड होगी. आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट www.upsssc.gov.in से एडमिट कार्ड, परीक्षा शहर की जानकारी और अन्य जरूरी गाइडलाइंस डाउनलोड कर सकते हैं.
यूपी पीईटी परीक्षा पैटर्न और मार्किंग स्कीम का गणित
यूपी पीईटी परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाते हैं. इन्हें हल करने के लिए 2 घंटे मिलेंगे. हर सवाल 1 नंबर का होता है यानी पूरा पेपर 100 अंकों का होता है. इसमें असली खेल नेगेटिव मार्किंग का है. हर गलत उत्तर के लिए 1/4 यानी 0.25 अंक काट लिए जाते हैं. इसलिए तुक्का लगाने की आदत परीक्षा में भारी पड़ सकती है. इसमें इतिहास, भूगोल, भारतीय संविधान, अर्थव्यवस्था, सामान्य विज्ञान, गणित, रीजनिंग, हिंदी, अंग्रेजी, ग्राफ और टेबल एनालिसिस से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं.
यूपी पीईटी के लिए फाइनल रिवीजन कैसे करें?
यूपी पीईटी की तैयारी के लिए अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं. ऐसे में आखिरी दिनों में मोटी-मोटी किताबें पढ़ने के बजाय शॉर्ट नोट्स और पिछले साल के पेपर (PYQs) पर फोकस करें. जिन विषयों का वेटेज ज्यादा है (जैसे करेंट अफेयर्स, जनरल अवेयरनेस और डीआई, उनकी प्रैक्टिस रोजाना करें. मॉक टेस्ट से स्पीड और टाइम मैनेजमेंट परखें, जिससे परीक्षा हॉल में घबराहट न हो. जो फॉर्मूले या तारीखें बार-बार भूल जाते हैं, उन्हें किसी डायरी में नोट करके बार-बार रिवाइज करें.