मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए वाशिंगटन और कीव के साथ त्रिपक्षीय वार्ता फिर शुरू करने पर बुधवार को सहमत हो गए. क्रेमलिन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने सेंट पीटर्सबर्ग में पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ के बीच बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि रूसी नेता 10 नवंबर के बाद वार्ता फिर शुरू करने के लिए ‘सैद्धांतिक रूप से’ सहमत हो गए हैं. उशाकोव ने कहा कि त्रिपक्षीय वार्ता का केंद्र संघर्ष समाप्त होने के बाद ‘रूस और यूक्रेन के लिए एक सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना’ होगा.
यूक्रेन पर रूस के व्यापक आक्रमण को लेकर विटकॉफ की पुतिन के साथ बातचीत ऐसे समय हुई, जब ट्रंप कीव पर लड़ाई रोकने के लिए समझौता करने का दबाव बना रहे हैं. बातचीत शुरू होने पर पुतिन ने युद्ध समाप्त करने के प्रयासों के लिए ट्रंप और विटकॉफ को धन्यवाद दिया. क्रेमलिन ने बताया कि बातचीत करीब तीन घंटे तक चली. विटकॉफ का यह दौरा नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में मंगलवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और यूरोप के कुछ नेताओं के साथ उनकी बैठक के एक दिन बाद हुआ.
समझौते की शर्तों पर मतभेद
विटकॉफ की इन बैठकों से संकेत मिला कि रूस की सेना की ओर से व्यापक आक्रमण शुरू किए जाने के साढ़े चार साल से अधिक समय बाद नेता अमेरिका के नेतृत्व में जारी शांति प्रयासों को नयी गति देने के इच्छुक हैं. पिछले साल की शुरुआत से युद्ध समाप्त करने के लिए ट्रंप प्रशासन के प्रयासों में कोई महत्वपूर्ण प्रगति नहीं हुई है और फिलहाल किसी बड़ी सफलता के आसन्न होने के संकेत नहीं हैं. रूस और यूक्रेन के बीच समझौते की शर्तों को लेकर अब भी काफी मतभेद हैं. दोनों देशों की सेनाएं मोर्चे पर आमने-सामने हैं और एक-दूसरे पर रोजाना लंबी दूरी के हमले कर रही हैं.
हालांकि, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने मंगलवार देर रात कहा कि ओस्लो में हुई बैठक में ‘वास्तविक प्रगति’ हुई है. वह भी इस बैठक में शामिल हुए थे. जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए रूस की ओर से संघर्ष को रोकना ‘न्यूनतम’ शर्त है. जेलेंस्की ने बुधवार को प्रसारित फॉक्स न्यूज के एक साक्षात्कार में कहा, ‘फिलहाल हमें संघर्ष को रोकना होगा और मुझे लगता है कि यह युद्ध समाप्त करने का वास्तविक रास्ता है.’ विटकॉफ और पुतिन की मुलाकात सेंट पीटर्सबर्ग के कॉन्स्टेंटाइन पैलेस में हुई. बैठक में उशाकोव और रूसी राष्ट्रपति के दूत किरिल दिमित्रिएव भी मौजूद थे. विटकॉफ ने कहा कि ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर वीडियो लिंक के जरिये चर्चा में शामिल होने वाले थे.
ओस्लो की मीटिंग की जानकारी दी
बैठक से पहले विटकॉफ ने कहा कि वह पुतिन को मंगलवार को ओस्लो में हुई बैठक के बारे में जानकारी देंगे. उन्होंने उस बैठक को ‘उपयोगी’ बताते हुए कहा कि शांति प्रयासों में ‘कुछ हद तक गति’ दिखाई दे रही है. उन्होंने रूस से डीजल के निर्यात पर प्रतिबंध हटाने के लिए पुतिन को धन्यवाद दिया. इसको लेकर अमेरिका के कुछ सांसद नाराज थे. विटकॉफ ने कहा कि इससे अमेरिका के किसानों और ट्रक चालकों के लिए कीमतें कम करने में मदद मिलेगी. पुतिन ने कहा कि वह अमेरिका और रूस के बीच आर्थिक संबंध बहाल करने की संभावनाओं पर विचार करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने अमेरिका के नेतृत्व में ईरान के साथ जारी संघर्ष पर चर्चा करने की इच्छा भी जताई. पुतिन ने कहा कि मॉस्को, तेहरान के साथ अपने विशेष संबंधों का इस्तेमाल शांति स्थापित करने में मदद के लिए करने को तैयार है.
विटकॉफ ने बताया कि रूस ने बुधवार को एक सेवानिवृत्त अमेरिकी शिक्षक को रिहा कर दिया, जिसे यूक्रेन में भाड़े के सैनिक के रूप में लड़ने के आरोप में जेल में रखा गया था. यह कदम क्रेमलिन की ओर से सद्भावना के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. ट्रंप ने पुतिन से स्टीफन हबर्ड को रिहा करने का अनुरोध किया था.
चीन के प्रधानमंत्री से भी मिलेंगे पुतिन
क्रेमलिन ने बताया कि पुतिन बुधवार को चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग से भी मुलाकात करने वाले हैं. ली सेंट पीटर्सबर्ग में रूस के अन्य शीर्ष अधिकारियों से भी मिल रहे थे. रूस ने चीन के साथ अपने संबंध मजबूत किए हैं. दोनों देशों ने पिछले महीने ईरान पर प्रतिबंधों की निगरानी जारी रखने के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों की तैनाती से जुड़े अमेरिकी प्रस्ताव पर वीटो कर दिया था. नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने कहा कि रूस के दौरे के बाद विटकॉफ आगे की बातचीत के लिए ओस्लो लौटने वाले हैं.
स्टोर ने बुधवार को नॉर्वे के प्रसारक एनआरके से कहा, ‘मुझे लगता है कि अब हम ऐसे चरण में पहुंच गए हैं, जहां रूसी भी कूटनीति के अवसर तलाश रहे हैं.’ जेलेंस्की बुधवार को भी ओस्लो में थे. उन्होंने नॉर्वे की संसद का दौरा किया और सांसदों से मुलाकात की. विटकॉफ समझौते की राह में आ रही बाधाओं को दूर करने की एक और कोशिश करते दिखे. जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा था कि बातचीत के एजेंडे में यूक्रेन के लिए भविष्य की सुरक्षा गारंटी, कब्जे वाले क्षेत्रों का भविष्य, युद्ध के बाद पुनर्निर्माण और संघर्षविराम की संभावना शामिल हैं.
यूक्रेन के हमले में तेल डिपो जला
ट्रंप ने 11 अक्टूबर को कहा था कि रूस और यूक्रेन ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने के लिए संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं. हालांकि, रूस ने यूक्रेन के बिजली ग्रिड पर हमले जारी रखे हैं, जबकि कीव ने रूस की तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया है. यूक्रेन के हमलों में रविवार को सेंट पीटर्सबर्ग में एक तेल निर्यात टर्मिनल और एक डिपो में आग लग गई. कीव ने रूस पर एक हजार से अधिक ड्रोन से हमला किया, जो युद्ध के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक था.
ट्रंप ने जेलेंस्की पर बढ़ाया दबाव
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मंगलवार को कहा कि मॉस्को यूक्रेन को लेकर अमेरिका के नये प्रस्ताव सुनने के लिए तैयार है, लेकिन उन्हें वाशिंगटन से किसी ‘चमत्कार’ की उम्मीद नहीं है. व्हाइट हाउस में मंगलवार को ट्रंप ने जेलेंस्की पर रूस के साथ समझौता करने का दबाव बढ़ा दिया. दोनों नेताओं के संबंधों एक बार फिर तनाव आ गया है. ट्रंप ने ओवल ऑफिस में संवाददाताओं से कहा, ‘हम चाहते हैं कि जेलेंस्की समझौता करें. हमने यूक्रेन को बहुत कुछ दिया है. बदले में हमें दुख, मौत और भारी आर्थिक नुकसान के अलावा कुछ नहीं मिला.’
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो ‘मुझे लगता है कि यह बहुत बुरा होगा.’ अमेरिका के यूक्रेन से मुंह मोड़ने की आशंकाओं के बीच जेलेंस्की ने कहा कि कीव को रूस की ओर से दागी जाने वाली मिसाइलों के बारे में उसके सहयोगियों से पहले की तरह चेतावनी मिलने लगी है. उन्होंने कहा कि हाल के कुछ हमलों से पहले सहयोगियों ने पर्याप्त सूचना नहीं दी थी. जेलेंस्की ने अपने अमेरिकी समकक्षों से बातचीत की थी, जिनमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ फोन पर हुई बातचीत भी शामिल थी. इसके बाद यह बदलाव आया.
कीव के सैन्य प्रशासन ने बताया कि रातभर हुए रूसी हमलों में राजधानी में तीन लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए. इस दौरान 10 आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा. यूक्रेनी प्रधानमंत्री सेरही कोरेत्स्की ने कहा कि बुधवार तड़के रूसी हमलों में कीव और तीन अन्य शहरों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया. उन्होंने बताया कि पूर्वी शहर खारकीव के बाहर एक आवासीय इलाके में ड्रोन धमाकों में दो लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने रात में एक गोदाम, एक विद्युत उपकेंद्र और समुद्र में एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया. यह जहाज यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह की ओर जा रहा था. रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में रूस के कई क्षेत्रों, क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर के ऊपर यूक्रेन के 373 ड्रोन को रोक दिया.