Last Updated:
Begusarai News: बेगूसराय में दुर्गा पूजा के मौके एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में जमकर हंगामा मच गया. एक पुलिस पदाधिकारी पर महिला डांसर को थप्पड़ मारने और कलाकारों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा. घटना के बाद आक्रोशित दर्शकों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस पदाधिकारी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी.
बेगूसराय में महिला डांसर को पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मारा.
बेगूसरायः बिहार में एक बार फिर पुलिस की वर्दी दागदार हो गई. दुर्गा पूजा के मौके पर एक पुलिसकर्मी पर महिला डांसर से बदत्तमीजी करने के आरोप लगे. आरोप है कि पुलिसवाले ने महिला डांसर को थप्पड़ मार दिया. कलाकारों से अभ्रदता करने लगा. विरोध करने पर धक्का-मुक्की की नौबत आ गई. इसी बीच जब बड़ी संख्या में लोगों ने उसे घेर लिया, तो कमर से पिस्टल निकालकर लोगों हवा में लहराने लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पूरा मामला बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पान गांछी स्थित एक दुर्गा मंदिर के पास का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के अवसर पर मंदिर के समीप सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में दो महिला डांसर गानों की धुन पर प्रस्तुति दे रही थीं. इसी दौरान एक पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंचे. आरोप है कि पुलिस पदाधिकारी ने एक महिला डांसर के साथ बदसलूकी करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया.
जमकर बरपा हंगामा
इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया. महिला डांसर ने आरोप लगाया कि पुलिस पदाधिकारी ने उनके साथ मारपीट की और अन्य कलाकारों के साथ भी दुर्व्यवहार किया. महिला डांसर के मुताबिक, वे लोग अपने कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे. तभी पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे. महिला ने इस व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की.
घटना का वीडियो वायरल
घटना के बाद आक्रोशित दर्शकों ने पुलिस पदाधिकारी का विरोध करना शुरू कर दिया. इसी दौरान धक्का-मुक्की हो गई. आरोप है कि पुलिस पदाधिकारी ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर खुलेआम लहराना शुरू कर दिया. पिस्टल देखकर वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग अलग-अलग तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो और घटना से जुड़े सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.