Shimla Helicopter Booking: अब 4 घंटे का सफर महज 35 मिनट में शिमला से रामपुर के लिए शुरू हुई फ्लाइट, किराया-टाइमिंग जानें

Shimla Helicopter Booking: अब 4 घंटे का सफर महज 35 मिनट में शिमला से रामपुर के लिए शुरू हुई फ्लाइट, किराया-टाइमिंग जानें


शिमला. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा का आगाज हो गया है. अब महज 32 मिनट में अब लोग शिमला से रामपुर पहुंच सकते हैं. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रामपुर प्रवास के दौरान किया वायदा निभाते हुए आज संजौली, शिमला से रामपुर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारम्भ किया. क्षेत्रीय सम्पर्क योजना उड़ान के अंतर्गत आरम्भ हेली-हॉप हिमाचल हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध होगी.

जानकारी के अनुसार, सेवा के तहत हेलीकॉप्टर प्रातः 9:55 बजे संजौली से उड़ान भरेगा और 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा. इसके बाद 10:50 बजे रामपुर से रिकांगपिओ के लिए उड़ान होगी जो 11:25 बजे पहुंचेगी. वापसी में रिकांगपिओ से 11:30 बजे पर उड़ान होगी और दोपहर 12:05 बजे हेलीकॉप्टर रामपुर पहुंचेगा. इसके बाद 12:10 बजे रामपुर से संजौली के लिए उड़ान होगी और दोपहर 12:45 बजे संजौली पहुंचेगी. यह सेवा सप्ताह में 3 दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हमीरपुर, चम्बा और पालमपुर के लिए चार माह में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करेगी.

शिमला से रामपुर बुशहर से एक यात्री का किराया 4000 रुपये रखा गया है. शिमला से रिकांगपिओ के 4500 रुपये लगेंगे. एक सप्ताह में 12 उड़ानों की सुविधा मिलेगी. अहम बात है कि करीब चार घंटों का सफर 35 मिनट में होगा. सड़कमार्ग से शिमला से रामपुर पहुंचने में साढ़े तीन से 4 घंटे लगते हैं. वहीं, रिकांगपिओ के लिए 9 घंटे तक लगते हैं. अब यह सफर मिनटों में संभव हो पाएगा.

शिमला से रामपुर समेत अन्य इलाकों के लिए किराया.

सीएम ने कहा कि यह पहल महज एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का साधन नहीं, बल्कि पहाड़ों में बदलते वक्त, नई सोच और विकास की असीम संभावनाओं का प्रतीक है. इससे सफर का समय कम होगा, पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हर कोने को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है.  इन उड़ानों के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण की पूरी राशि राज्य सरकार वहन कर रही है. इस पर सरकार द्वारा लगभग 35.70 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘हम प्रदेश में सभी जिला मुख्यालयों सहित कुल 16 हेलीपोर्ट के निर्माण और विकास पर भी काम कर रहे हैं, ताकि हवाई परिवहन सुविधाओं का और विस्तार किया जा सके.’

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज संजौली, शिमला से रामपुर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारम्भ किया.

कांगड़ा एयरपोर्ट में से 2400 करोड़ की राशि लोगों को दी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा स्थित गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भी दृढ़ता से कार्य कर रही है. प्रदेश सरकार ने भूमि अधिग्रहण के लिए अपने स्रोतों से 2400 करोड़ की राशि लोगों को वितरित कर दी हैं. लोगों को पुनर्वास के लिए भी राशि उपलब्ध करवाई गई है. इस हवाई अड्डे के विस्तार के बाद इसे हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से सभी जिला मुख्यालयों को जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे.  संपर्क सुविधाओं से जोड़ें, लोगों का समय बचाएं और विकास के अवसरों को हर क्षेत्र तक पहुंचाया जाए. इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हिमकॉन के अध्यक्ष विकेश चौहान, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, विशेष सचिव पर्यटन विजय कुमार, आयुक्त नगर निगम सचिन कंवल, पार्षदगण, पवन हंस लिमिटेड के अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे.



Source link