Last Updated:
Tesla-Spacex Merger : एलन मस्क हमेशा कुछ बड़ा करने की कोशिश करते हैं. इस बार उन्होंने अपनी दो कंपनियों के विलय की बात कही है. मस्क ने कहा है कि टेस्ला और स्पेसएक्स को मिलाकर 3.5 ट्रिलियन डॉलर की नई कंपनी बनाएंगे. इसके लिए 50 फीसदी शेयरधारकों की मंजूरी लगेगी. कंपनी का मकसद अपनी कंपनियों की तकनीक को एक मंच पर लाना और बेहतर उत्पाद तैयार करना है.
एलन मस्क ने टेस्ला और स्पेसएक्स के विलय को अच्छा कदम बताया है.
नई दिल्ली. दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने पिछले दिनों तक हवा में छलांग मारने वाली कार का डेमो दुनिया को दिखाया था, तभी यह संकेत मिल गया था कि वे अपनी दो सबसे बड़ी कंपनियों का विलय कर सकते हैं. टेस्ला की इस कार में हवा में कालाबाजी करने की क्षमता है, जो मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स की तकनीक से ली गई है. अब खबर है कि एलन मस्क अपनी दोनों कंपनियों का भी मर्जर करने वाले हैं. पहले उन्होंने अपने प्रोडक्ट में टेस्ला और स्पेसएक्स की तकनीक का मर्जर किया और अब वे दोनों कंपनियों का भी आपस में विलय कर सकते हैं.
टेस्ला और स्पेसएक्स अभी स्वतंत्र कंपनियां हैं और इनके मर्जर पर फैसला करने के लिए दोनों कंपनियों के स्वतंत्र निदेशक की विशेष समिति विकल्पों की समीक्षा कर रही है. मस्क ने भी इसे अच्छा मूव माना है, लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं किया गया है. वर्तमान में टेस्ला की मार्केट वैल्यू करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि स्पेसएक्स की 2 ट्रिलियन डॉलर के आसपास है. दोनों कंपनियों को मिलाकर 3.5 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 336 लाख करोड़ रुपये की नई कंपनी तैयार होगी. दोनों कंपनियों का मर्जर सिर्फ बड़ी कंपनी बनाने के मकसद से नहीं किया जा रहा है, बल्कि इसके पीछे ई-कार, सैटेलाइट इंटरनेट, रॉकेट, एआई, रोबोटिक्स और कंप्यूटिंग इंफ्रा को साथ लाने की बड़ी प्लानिंग हो सकती है.
मर्जर के 5 बड़े कारण
- एआई और रोबोटिक्स का संगम : मस्क की मंशा टेस्ला की सेल्फ ड्राइविंग तकनीक, एआई सॉफ्टवेयर, ऑप्टिमस ह्यूमेनॉयड रोबोट और स्पेसएक्स के एआई मॉडल के तालमेल से तकनीक को और बेहतर बनाने की है. इससे डाटा, चिप डिजाइन और सॉफ्टवेयर को समझना और उसे डेवलप करना और आसान हो जाएगा.
- स्पेस में डाटा सेंटर : एआई के डाटा सेंटर के लिए ज्यादा कंप्यूटिंग पॉवर और बिजली चाहिए. मस्क की मंशा अंतरिक्ष में सौर ऊर्जा से चलने वाले डाटा सेंटर बनाने की है. इसमें स्पेसएक्स के रॉकेट मदद कर सकते हैं.
- ग्लोबल इंटरनेट : मस्क की कंपनी स्टालिंक अपने सैटेलाइट नेटवर्क के जरिये दूरदराज के इलाकों को भी इंटरनेट उपलब्ध करा रही है. सभी कंपनियों का विलय होने पर उनकी कनेक्टिवटी को विस्तार देने में काफी मदद मिलेगी.
- चिप का बाजार : दुनियाभर में चिप की डिमांड बढ़ रही है और मस्क की मंशा अपनी कंपनियों की साझा तकनीक के बूते चिप डिजाइन और उत्पादन को बेहतर करना है. कंपनी अपने एआई मॉडल, कंप्यूटिंग और मशीनों के हार्डवेयर को एक साथ लाकर तेज ग्रोथ कर सकती है.
- अनुभव और उत्पादन : टेस्ला को बड़े पैमाने पर उत्पादन का अनुभव है, जबकि स्पेसएक्स के पास इंजीनियरिंग क्षमता है. दोनों मिलकर इसे नेक्स्ट लेवल पर ले जा सकती हैं.
शेयरधारक अटका सकते हैं मर्जर
वैसे तो एलन मस्क के पास टेस्ला और स्पेसएक्स में बड़ी हिस्सेदारी है, लेकिन इन दोनों कंपनियों का ज्यादातर हिस्सा निवेशकों के पास है. जाहिर है कि उनकी मंजूरी के बिना मर्जर संभव नहीं होगा. टेस्ला में मस्क की हिस्सेदारी 20 फीसदी तो स्पेसएक्स में 45 फीसदी है. बावजूद इसके वह अकेले दम पर मर्जर का फैसला नहीं कर सकते, क्योंकि इससे दोनों कंपनियों के अन्य निवेशकों के हित प्रभावित हो सकते हैं. यही वजह है कि मस्क ने स्वतंत्र निदेशकों की टीम लगाई है, जो मर्जर के संभावित असर और नफा-नुकसान की समीक्षा कर रही है. उन्होंने कहा कि बाहरी हिस्सेदारों में से 50 फीसदी हितधारकों का वोट इस मर्जर के लिए जरूरी होगा.