2 साल से कार का किराया नहीं मिला तो भड़का वेंडर, जनसुराज अध्यक्ष मनोज भारती से बदसलूकी, कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारने की कोशिश
Last Updated:
पटना: जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ बदसलूकी और मारपीट की कोशिश का एक वीडियो सामने आया है. कहा जा रहा है कि ये वीडियो करीब 15 से 20 दिन पुराना है. दावा किया जा रहा है कि ये मामला पार्टी ऑफिस में इस्तेमाल होनी वाली कार से जुड़ा है. कहा जा रहा है कि कार का किराया बकाया था. किराया नहीं मिलने से नाराज एक शख्स ने मनोज भारती के साथ अभद्रता की थी. घटना के दौरान वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया और स्थिति को संभाला.
कार के बकाये किराये को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक जनसुराज पार्टी के कार्यालय के इस्तेमाल के लिए पिछले करीब दो साल से एक कार ली गई थी. आरोप है कि कार के किराये का भुगतान नहीं होने के कारण संबंधित व्यक्ति नाराज था. इसी बात को लेकर विवाद हुआ. बताया जा रहा है कि मनोज भारती जब पार्टी कार्यालय से कार में बैठकर निकल रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें परिसर में ही घेर लिया. आरोप है कि इस दौरान उसने मनोज भारती के साथ बदसलूकी की. उसने उनका कॉलर पकड़ लिया और थप्पड़ मारने की कोशिश की. मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने तुरंत हस्तक्षेप किया. उन्होंने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया. घटना का वीडियो अब सामने आया है.
पाटलिपुत्र थाने में दिया गया था आवेदन
इस मामले में मनोज भारती की ओर से पटना के पाटलिपुत्र थाने में आवेदन दिया गया था. पुलिस के मुताबिक आवेदन केवल घटना की जानकारी देने के उद्देश्य से दिया गया था. इसमें भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं होने देने की बात कही गई थी. पुलिस ने बताया कि आवेदन में प्राथमिकी यानी FIR दर्ज करने की मांग नहीं की गई थी. आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की.
समझौते के बाद दर्ज नहीं हुई FIR
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान जनसुराज की ओर से बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है. कथित रूप से बदसलूकी करने वाले व्यक्ति ने भी माफी मांग ली थी. इसी आधार पर मामले में FIR दर्ज नहीं की गई. फिलहाल, घटना का वीडियो सामने आने के बाद मनोज भारती के साथ हुई कथित बदसलूकी का मामला फिर चर्चा में आ गया है.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…