क्राइस्टचर्च: 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी-20 सीरीज से ठीक पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर मीडिया से बात करने पहुंचे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने 15 साल के युवा बल्लेबाज पर अपनी राय स्पष्ट रख दी. श्रेयस अय्यर ने साफ शब्दों में कहा कि वैभव को प्लेइंग इलेवन में इतनी आसानी से जगह नहीं मिल सकती.
कप्तान श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा:
यह महत्वपूर्ण है कि सूर्यवंशी जैसे टैलेंटेड खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में हमेशा खुश रहें. वह बहुत युवा है और उसे आगे काफी मौके मिलेंगे, ऐसा नहीं है कि उसे सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह मिल जाएगी, क्योंकि हमारे सलामी बल्लेबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने विश्व कप जीता है.
एशियन गेम्स में की थी ओपनिंग
एशियाई खेलों में सूर्यवंशी को पारी की शुरुआत करने का मौका मिला था और संजू सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे. अय्यर ने कहा कि सूर्यवंशी को विदेशी परिस्थितियों का अनुभव हासिल करने से भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा, ‘जब भी वह विदेश की यात्रा करेगा तो उसे इस तरह के विकटों पर खेलने का अच्छा अंदाजा हो जाएगा. ऐसे में अगली बार जब वह विदेश दौरे पर आएगा तो वह पूरी तरह से तैयार होगा और वह पहली बार दौरा करने वाले खिलाड़ियों के साथ भी अपना अनुभव साझा कर सकता है.’
वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड मं कितना इंतजार करना होगा.
21 में से आठ मैच में ही मिला वैभव को मौका
वैभव सूर्यवंशी को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए टीम में चुना गया था. भारत ने तब से जो 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, उनमें से सूर्यवंशी ने केवल आठ में हिस्सा लिया है, क्योंकि नियमित सलामी बल्लेबाज अभिषेक और सैमसन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. इन दोनों ने इस साल की शुरुआत में भारत को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
भारत का टी-20 स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव
न्यूजीलैंड का टी-20 स्क्वॉड:: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, बेवॉन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर