DND से अब सीधा नोएडा सेक्टर 62 जाएगी सड़क, 850 करोड़ में बनेगी एलिवेटेड रोड, नहीं मिलेगा जाम

DND से अब सीधा नोएडा सेक्टर 62 जाएगी सड़क, 850 करोड़ में बनेगी एलिवेटेड रोड, नहीं मिलेगा जाम


Last Updated:

अब दिल्ली से नोएडा सेक्टर 62 जाने वाले लोगों का जाम नहीं मिलेगा. क्योंकि रजनीगंधा अंडरपास से सीधा 5.9 किलोमीटर की एलिवेटेड रोड बनने जा रही है. जिसके निर्माण में 850 करोड़ रुपये खर्च हो जाएंगे. यह सड़क सिक्स लेन की होगी.

Zoom

रजनीगंधा से सेक्टर 60 तक बनेगा एलिवेटेड रोड.

नोएडाः दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन स्थित रजनीगंधा अंडरपास से लेकर सेक्टर-60 तक बनने वाली 5.49 किलोमीटर लंबी 6 लेन की एलीवेटेड रोड की डीपीआर तैयार हो गई है. नोएडा अथॉरिटी आईआईटी रुड़की से यह डीपीआर तैयार करा रही थी, जो कि बनकर तैयार हो गई है. शुक्रवार तक आईआईटी नोएडा अथॉरिटी को यह डीपीआर सौंप देगी. जानकारी के अनुसार करीब 800 करोड़ से 850 करोड़ तक के बजट में यह एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी.

लंबे समय से अटका था प्रोजेक्ट
नोएडा प्राधिकरण ने रजनीगंधा अंडरपास के सामने से बनने वाली प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के संशोधित अलाइनमेंट को पिछले दिनों मंजूरी दे दी थी. अलाइनमेंट फाइनल न होने के चलते यह महत्वाकांक्षी परियोजना लंबे समय से लटकी हुई थी. परियोजना का सबसे जटिल भाग सेक्टर-12 और सेक्टर-22 के टी प्वाइंट को माना जा रहा है. यहां एलिवेटेड रोड को मोड़ने के लिए विशेष कर्व डिजाइन किया गया.

डीएनडी से सेक्टर 62 जाना होगा आसान
इसी के चलते आईआईटी रुड़की ने इस हिस्से के ऊपर विशेष ध्यान दिया है. इस एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद डीएनडी से सेक्टर-62 तक का सफर काफी आसान हो जाएगा. यह 6 लेन का एलिवेटेड मार्ग सेक्टर-3 से शुरू होकर सेक्टर-10, सेक्टर-12, सेक्टर-22 टी-प्वाइंट और सेक्टर-57 होते हुए सेक्टर-60 तक पहुंचेगा.

किन सेक्टरों से गुजरेगा एलिवेटेड रोड
यह एलिवेटेड रोड नोएडा सेक्टर 3 के सामने से शुरू होगा और सेक्टर 12, 22 और 56 के तिराहे तक मास्टर प्लान रोड-1 के बीच से होकर गुजरेगा. यह सेक्टर-57 चौराहे से होते हुए सेक्टर-60 के सामने उतरेगा. इसके बनने से सबसे ज्यादा राहत हर दिन सफर करने वाले हजारों लोगों को मिलेगी. इस कॉरिडोर के बनने से उनको नोएडा के कई व्यस्त चौराहों पर नहीं रुकना पड़ेगा. बता दें कि सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम चौराहा, सेक्टर-12/22 चौराहे और सेक्टर 12, 22,56 तिराहे के साथ ही सेक्टर-57 चौराहे पर भारी ट्रैफिक जाम रहता है.

नोएडा सेक्टर 73 से गाजियाबाद की होगी बेहतर कनेक्टिविटी
नया एलिवेटेड रोड बनने के बाज गाड़ियां इन चौराहों को बाईपास कर सकेंगे. इससे यात्रा का समय भी घटेगा और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा. यह एलिवेटेड रोड नोएडा सेक्टर 73 से गाजियाबाद तक शानदार कनेक्टिविटी देगा. नोएडा सेक्टर-60 के सामने इस रोड के उतरने से सेक्टर-73, 121, 59, 62 और 63 के साथ ही गाजियाबाद की तरफ आसानी से जाया जा सकेगा.



Source link