Last Updated:
Subodh Uniyal-Daler Mehndi News : दलेर मेहंदी को मंच पर फटकारने वाले उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल कौन हैं? इस खबर में उनके बारे में विस्तार से जानते हैं. जानिए कांग्रेस से बीजेपी तक का राजनीतिक सफर, विजय बहुगुणा से संबंध और विवाद के बाद दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे कलाकारों की प्रतिक्रिया.
उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को खूब फटकारा था.
देहरादून : उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को मंच पर फटकार लगाने के बाद चर्चा में हैं. 18 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर में मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना का वीडियो वायरल है. इसके बाद सिने जगत से भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. मीका सिंह ने तो यहां तक कह दिया है कि अगर कोई ये साबित कर दे कि दलेर पाजी शराब पीते हैं तो मैं गाना ही छोड़ दूंगा. दूसरी हस्तियां भी उनके समर्थन में आई हैं. उधर, सुबोध के सपोर्ट में भी उत्तराखंड से कई बयान सामने आ रहे हैं. जिसमें कहा जा रहा है कि अगर दलेर मेहंदी की तबियत खराब थी तो उन्हें पहले ही बताना चाहिए था. फिलहाल पूरे विवाद के केंद्र में यह सवाल ज्यादा है कि क्या किसी कलाकार को पब्लिक मंच पर इस तरह फटकारना सही था या गलत? ऐसे में सुबोध उनियाल के बारे में भी जानना जरूरी है.. चलिए जानते हैं उनके बारे में डिटेल में…
कौन हैं सुबोध उनियाल?
दरअसल, सुबोध उनियाल का जन्म 26 जुलाई 1960 को टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर क्षेत्र में हुआ. उन्होंने राजनीति की शुरुआत कांग्रेस से की और उत्तराखंड राज्य बनने के बाद पार्टी संगठन में सक्रिय रहे. 2002 में उन्होंने नरेंद्रनगर सीट से विधानसभा चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनने का सफर शुरू किया. 2007 में उन्हें हार मिली, लेकिन 2012 में उन्होंने फिर जीत दर्ज की.
उनियाल की राजनीति में बड़ा बदलाव 2016 में आया, जब वह विजय बहुगुणा के नेतृत्व में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए. उस समय हरीश रावत सरकार राजनीतिक संकट का सामना कर रही थी. 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में उनियाल नरेंद्रनगर से बीजेपी के टिकट पर जीते और राज्य सरकार में मंत्री बने.
उनके शुरुआती राजनीतिक सफर में पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा का मार्गदर्शन अहम रहा. वहीं, 2016 के घटनाक्रम में उनकी विजय बहुगुणा से राजनीतिक निकटता सामने आई.
दलेर मेहंदी से क्या हुआ था विवाद?
मेले में चल रही परफॉर्मेंस के दौरान सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक के गाने के तरीके पर नाराजगी जताई. मंत्री ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी शराब पीकर आए थे और ठीक से प्रस्तुति नहीं दे पा रहे थे, केवल लिप्सिंग कर रहे थे. उन्होंने कार्यक्रम की धार्मिक पृष्ठभूमि और कलाकार को पेमेंट किए जाने का भी जिक्र किया. मंत्री के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए करीब 35 लाख रुपये दिए गए थे. हालांकि यह बात साबित नहीं हुई है कि दलेर मेहंदी ने शराब पी हुई थी या नहीं?
कौन दलेर मेहंदी के समर्थन में?
दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके भाई पिछले दो वर्षों से अस्वस्थ हैं और हाल में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है. अभिनेता अनुपम खेर ने भी मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायत को निजी तौर पर और सम्मानपूर्वक रखा जा सकता था. बादशाह, शान, हर्षदीप कौर और कपिल शर्मा समेत कई कलाकारों ने भी गायक के सपोर्ट में प्रतिक्रिया दी. दूसरी ओर, गायिका सोना महापात्रा ने कलाकार की प्रतिष्ठा के साथ-साथ दर्शकों के प्रति जवाबदेही का सवाल उठाया.