Last Updated:
बिलासपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई. आरोप है कि कुछ युवक घर में घुसकर महिलाओं और अन्य लोगों को डंडों से पीटने लगे. घटना में एक बुजुर्ग महिला समेत दो महिलाओं और तीन युवकों को चोटें आई हैं.
दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आपसी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक घर में घुसकर महिलाओं और अन्य लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. इस घटना में एक बुजुर्ग महिला समेत दो महिलाओं और तीन युवकों को चोटें आई हैं. वीडियो वायरल होने के बाद जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे. वायरल वीडियो में युवकों को महिलाओं पर डंडे से हमला करते हुए देखा जा सकता है. इस दौरान एक बुजुर्ग महिला भी मारपीट की चपेट में आ गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के पुलिस स्टेशन तक पहुंच गए.
पुलिस थाने पहुंचे दोनों पक्ष
घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे. आरोप है कि थाने में पीड़ित पक्ष पर समझौता करने के लिए दबाव बनाया गया. हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही थी. इसी विवाद के चलते मारपीट की घटना हुई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.