Last Updated:
बिहार में पटना स्नातक चुनाव रोचक हो गया है. अनंत सिंह आए दिन एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ बयान देते हैं. अनंत सिंह नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के नेता हैं. नीतीश कुमार की जेडीयू बिहार में और केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीएन को अपना समर्थन दिए हुए है. इसके बावजूद अनंत सिंह एनडीए उम्मीदवार का विरोध कर रहे हैं.
पटना: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए (NDA) समर्थित जद(यू) प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने पर कहा, “कुछ लोग बता रहे हैं कि नीतीश कुमार (नीरज कुमार से मिलने अस्पताल) गए थे लेकिन कोई नहीं गया है. यह सब उनका खेल है. न वे(नीरज कुमार) बीमार हैं, न उन्हें बुखार है. कुछ नहीं हुआ है. यह केवल नाटक है. नीतीश कुमार सभी के गुरु हैं.”
अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के बारे में कहा कि उन्हें इस(बिहार MLC)चुनाव से कोई मतलब नहीं है. जनता मालिक है. जिसे वोट दिया जाएगा, वही जीतेगा. अनंत सिंह ने आगे कहा कि नीतीश कुमार न उनकी यानी नीरज कुमार ओर हैं और न मेरी ओर हैं.
जेडी(य़ू) विधायक अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं. वह प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी एमएलसी उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं और अपने समर्थकों से उनके लिए वोट मांग रहे हैं. आमतौर पर ऐसा करना पार्टी के अनुशासन के खिलाफ माना जाता है लेकिन, अनंत सिंह एनडीए के गठबंधन वाली जेडीयू के नेता होकर एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं.
मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा, मुझे बस इतना पता है कि मेरी लड़ाई नीरज कुमार से है. मुझे पार्टी से कोई दिक्कत नहीं है. मैं नीरज कुमार को हराकर रहूंगा. उन्होंने कहा, सब जनता तय करेगी. इसके बाद अनंत सिंह से जब नीरज कुमार के बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह अस्पताल में भर्ती नहीं हैं. वह सिर्फ़ जांच कराने जाते हैं और दो घंटे बाद ही वोट मांगने निकल जाते हैं.
ऐसी खबरें भी थी कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अस्पताल में भर्ती नीरज कुमार का हालचाल जानने पहुंचे थे. इसे अनंत सिंह ने खारिज करते हुए कहा कि कोई अस्पताल नहीं गया है. ये सब नीरज जी का खेला है..ना बीमार हैं न बुखार है.