Last Updated:
Digital Market : त्योहारी सीजन आते ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ जाती है. दुकानें पर सजधज कर ग्रहाकों के इंतजार में तैयार हो जाती हैं, लेकिन अब असली खरीदारी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होने लगी है. आंकड़े खुद बताते हैं कि ग्राहक दुकानों पर जाकर सामान खरीदने के बजाय अब ऑनलाइन शॉपिंग पर भरोसा दिखाने लगा है. इस त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग का आंकड़ा करीब 90 अरब डॉलर पहुंच सकता है.
त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग में बड़ा उछाल दिख रहा है.
नई दिल्ली. त्योहारी सीजन में आपको बाजार सजे-धजे भले ही दिख रहे हैं, लेकिन असली खरीदारी अब दुकानों पर नहीं बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हो रही है. आंकड़े खुद बताते हैं कि इस साल ऑनलाइन खुदरा बाजार 90 अरब डॉलर यानी करीब 8 लाख करोड़ से ज्यादा पहुंचने का अनुमान है. रेडसीर स्ट्रेटजी कंसल्टेंट्स ने अपनी हालिया रिपोर्ट में बताया है कि भारत का ऑनलाइन खुदरा बाजार साल 2026 में 90 अरब डॉलर के पार जा सकता है. इसमें सालाना 22-24 फीसदी की तेज ग्रोथ दिख रही है, जो पांच साल में सबसे तेज होगी.
रेडसीर ने बताया कि ऑनलाइन रिटेल बाजार में ग्रोथ का प्रमुख कारण मोबाइल फोन के बजाय किराना जैसे रोजमर्रा की जरूरतों वाले उत्पादों की बढ़ती मांग है. ई-कॉमर्स सकल वस्तु मूल्य (जीएमवी) 2026 की पहली छमाही में सालाना आधार पर लगभग 25 फीसदी बढ़कर 38 अरब डॉलर हो गया, जो चार वर्षों में इसका सबसे मजबूत छमाही प्रदर्शन है.
ऑनलाइन खुदरा कारोबार में तेजी आने के बीच पहली छमाही के दौरान मोबाइल की बिक्री स्थिर रही और कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण बिक्री की मात्रा सीमित रहने से पूरे साल में इसके केवल 2-3 फीसदी बढ़ने का अनुमान है.
फैशन और किराना की डिमांड ज्यादा
ऐसे में फैशन के बाद किराना खंड भारतीय ई-कॉमर्स में मोबाइल फोन को पीछे छोड़कर दूसरा सबसे बड़ा वर्ग बनने के लिए तैयार है. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा किराना, सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल (बीपीसी) के साथ होम डेकोर और फर्नीचर 2026 में कुल ऑनलाइन खुदरा जीएमवी का लगभग 40 फीसदी होंगे. त्योहारों के दौरान ई-कॉमर्स की मजूबत शुरुआत हुई है. सेंसर टॉवर के आंकड़ों पर आधारित बैंक ऑफ अमेरिका (बोफा) की एक रिपोर्ट में कहा गया कि फ्लिपकार्ट के डेली एक्टिव यूजर्स अपनी ‘बिग बिलियन डेज’ सेल के पहले दिन रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गए.
छोटे शहरों में बढ़ रहे यूजर
इस बार की सेल में गैर-महानगरों के खरीदार और पहली बार आने वाले यूजर्स सभी मंचों पर ज्यादा दिखे. फ्लिपकार्ट पर नए ग्राहक 34 फीसदी बढ़े और गैर-महानगरों की हिस्सेदारी इसकी मांग में लगभग 60 फीसदी रही. फैशन खंड में मिंत्रा सबसे बड़ा मंच बना हुआ है, जिसके हर महीने एक्टिव यूजर्स सितंबर में सालाना आधार पर आठ फीसदी बढ़कर करीब 9.3 करोड़ हो गए. नायका फैशन के यूजर्स 24 फीसदी बढ़कर लगभग 1.7 करोड़ हो गए, जबकि नायका लगभग दो करोड़ यूजर्स के साथ सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल (बीपीसी) का सबसे एक्टिव मंच बना हुआ है.
क्विक कॉमर्स ने बढ़ाई हिस्सेदारी
रिपोर्ट में कहा गया है कि क्विक कॉमर्स और फूड डिलीवरी का संरचनात्मक रूप से बढ़ना जारी रहा, लेकिन दैनिक उपयोग में बहुत कम त्योहारी तेजी देखी गई. सितंबर में ब्लिंकिट के यूजर्स सालाना आधार पर 53 फीसदी बढ़कर लगभग 5.8 करोड़ हो गए. बिक्री के पहले छह दिनों में औसत डेली यूजर्स सितंबर के स्तर से तीन फीसदी बढ़े, जबकि जेप्टो में दो फीसदी की गिरावट आई. इन प्लेटफॉर्म पर उपयोग आमतौर पर रक्षा बंधन और वैलेंटाइन डे जैसे अवसरों पर बढ़ जाता है.