भोपाल में आसमान साफ तो उज्जैन-इंदौर में आंधी-बारिश, मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

भोपाल में आसमान साफ तो उज्जैन-इंदौर में आंधी-बारिश, मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?


जबलपुर. मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर जारी था. कुछ दिनों बाद बरसात का सिलसिला थमा और मौसम सामान्य हो गया. अब एक बार फिर सूबे में आंधी-बारिश हो रही है. एक ओर कुछ जिलों में धूप खिल रही है, तो कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो रही है. मौसम में इस तरह का बदलाव शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित कर रहा है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज 21 अक्टूबर 2026, दिन बुधवार को भी मौसम का मिलाजुला मिजाज देखने को मिलेगा. कहीं धूप खिलेगी, तो कहीं बारिश होगी. आज 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, इंदौर, शाजापुर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, राजगढ़, गुना, आगर-मालवा और मंदसौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन/वज्रपात के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का भी अनुमान है, जो लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. मौसम विभाग ने प्रभावित जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है.

IMD के अनुसार, मध्य प्रदेश के मौसम को इस समय दो अलग-अलग मौसम प्रणालियां प्रभावित कर रही हैं. इनमें दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र और पंजाब-हिमाचल प्रदेश के ऊपर एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ शामिल हैं. इनके असर से प्रदेश के मध्य-पश्चिमी जिलों में काले बादलों ने डेरा डाला हुआ है. अगले कुछ दिनों तक राज्य के इस हिस्से में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर बरकरार रहेगा, जिसके चलते आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा.

आज भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज मौसम साफ रहेगा. दिन में अच्छी धूप खिलेगी, जिससे गर्मी का अहसास होगा. हालांकि शाम होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जो गुलाबी ठंड का अहसास कराएगी. बीते दिन भोपाल के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई थी लेकिन आज वर्षा की कोई संभावना नहीं बन रही है. वहीं राजधानी के आसपास के जिलों जैसे- सीहोर, विदिशा, रायसेन और सागर में भी आज मौसम साफ रहेगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रतलाम में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड हुआ.

बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.

2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.

3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.

4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.

5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.

6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.

7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.



Source link