आईसीसी रैकिंग में भारतीय तेज गेंदबाजों का चढ़ा ग्राफ, नंदनी शर्मा-क्रांति गौड़
Last Updated:
icc rankings: दाएं हाथ की तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में तीन विकेट हासिल किए. सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 11 रन देकर दो विकेट झटके थे. इस प्रदर्शन के दम पर नंदनी 26 स्थान की छलांग लगाकर टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 45वें पायदान पर पहुंच गई हैं. उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ 507 रेटिंग अंक भी हासिल किए हैं. क्रांति गौड़ ने भी रैंकिंग में सुधार किया है. क्रांति पहले मैच में 16 रन देकर एक विकेट लेने में सफल रहीं, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 15 रन देकर एक विकेट हासिल किया. इसके बाद वह नौ स्थान ऊपर चढ़कर 43वें नंबर पर पहुंच गई हैं.
icc रैंकिंग में क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा को हुआ फायदा
नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की गेंदबाज नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट, एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में दमदार प्रदर्शन का फायदा मिला है. ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया.
दाएं हाथ की तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में तीन विकेट हासिल किए. सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 11 रन देकर दो विकेट झटके थे. इस प्रदर्शन के दम पर नंदनी 26 स्थान की छलांग लगाकर टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 45वें पायदान पर पहुंच गई हैं. उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ 507 रेटिंग अंक भी हासिल किए हैं. क्रांति गौड़ ने भी रैंकिंग में सुधार किया है. क्रांति पहले मैच में 16 रन देकर एक विकेट लेने में सफल रहीं, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 15 रन देकर एक विकेट हासिल किया. इसके बाद वह नौ स्थान ऊपर चढ़कर 43वें नंबर पर पहुंच गई हैं.
जॉर्जिया प्लिमर और मैडी ग्रीन को भी फायदा
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच नॉर्थ सिडनी में खेले गए पहले टी20 मुकाबले के बाद बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला है. न्यूजीलैंड को भले ही इस मुकाबले में दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उसकी बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर और मैडी ग्रीन ने शानदार प्रदर्शन किया. प्लिमर ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 85 रन की नाबाद पारी खेली. उन्होंने मैडी ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए नाबाद 127 रन की साझेदारी की, जिसकी मदद से न्यूजीलैंड ने दो विकेट पर 162 रन बनाए. प्लिमर ने अपने पिछले 54 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 16.16 की औसत से रन बनाए थे. इस शानदार पारी के बाद वह 13 स्थान ऊपर चढ़कर बल्लेबाजी रैंकिंग में 48वें नंबर पर पहुंच गई हैं.
मेगन शट की घातक गेंदबाजी, सदरलैंड और पेरी को भी फायदा
ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन में बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में आठ विकेट से जीत दर्ज कर आईसीसी महिला चैंपियनशिप की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली. इस जीत की नींव तेज गेंदबाज मेगन शट की शानदार गेंदबाजी ने रखी. शट ने 10 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर चार विकेट हासिल किए. इस दौरान उन्होंने पांच मेडन ओवर भी डाले. उनकी घातक गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश की टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं सकी और उसका स्कोर चार विकेट पर 45 रन हो गया. शट ने पूरी सीरीज में कुल 10 विकेट लिए. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. इस प्रदर्शन के दम पर वह महिला वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं. तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड और एलिस पेरी ने भी नाबाद अर्धशतक लगाए. सदरलैंड चार स्थान ऊपर चढ़कर बल्लेबाजी रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 13वें नंबर पर पहुंच गई हैं. उनके खाते में 642 रेटिंग अंक हैं. वहीं, पेरी एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं. इस रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना शीर्ष पर काबिज हैं.पेरी को ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी बड़ा फायदा हुआ है. वह 14 स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 25वें नंबर पर पहुंच गई हैं.