केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आठवें वेतन आयोग से जुड़ी एक बड़ी अपडेट है. आयोग का हाई लेवल पैनल 22 और 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई का दौरा करेगा. इस दौरान कर्मचारियों के संगठनों, यूनियनों और पेंशनर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की जाएंगी. इन बैठक का मकसद कर्मचारियों की जरूरतों, वेतन से जुड़ी मांगों और कामकाज के दौरान आने वाली परेशानियों को समझना है. आयोग की सिफारिशें तैयार करने से पहले अलग-अलग पक्षों की राय जानने का प्रोसेस चल रही है.
इस दौरे में खास तौर पर रेलवे कर्मचारियों के कामकाज पर ध्यान दिया जाएगा. आयोग के सदस्य रेलवे के अलग-अलग विभागों का निरीक्षण करेंगे और यह समझने की कोशिश करेंगे कि कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. हालांकि, इस दौरे का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों की नई सैलरी या भत्तों का फैसला इसी हफ्ते हो जाएगा.
8वें वेतन आयोग में कौन-कौन हैं शामिल?
आठवें केंद्रीय वेतन आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. पूर्व आईएएस अधिकारी पंकज जैन आयोग के सदस्य-सचिव हैं. वहीं, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य और अर्थशास्त्र के प्रोफेसर पुलक घोष भी आयोग का हिस्सा हैं.
आयोग का काम केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के वेतन, पेंशन तथा अन्य सुविधाओं से जुड़े मामलों पर विचार करके सरकार को सिफारिशें देना है. इसमें वेतन तय करने के तरीके, पे मैट्रिक्स और अलग-अलग भत्तों जैसे महंगाई भत्ता (DA) और मकान किराया भत्ता (HRA) से जुड़े मुद्दे भी चर्चा का हिस्सा हो सकते हैं. इन मामलों में अंतिम बदलाव आयोग की सिफारिशों और सरकार के फैसले पर निर्भर करेंगे.
रेलवे कर्मचारियों के काम को समझेगा पैनल
मुंबई दौरे के दौरान आयोग के सदस्य केवल संगठनों के साथ बैठकें ही नहीं करेंगे, बल्कि रेलवे के कामकाज को भी करीब से देखेंगे. इसके लिए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) को दौरे का प्रमुख केंद्र बनाया गया है. रेलवे के अलग-अलग विभागों और कार्यस्थलों का निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल है.
पैनल ट्रैक मेंटेनेंस और सिग्नल सिस्टम से जुड़े काम को समझेगा. पटरियों की देखरेख करने वाले कर्मचारियों, खासकर कीमैन और पेट्रोलमैन की ड्यूटी में आने वाली चुनौतियों पर भी ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा, ट्रेन चलाने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और काम के दबाव को समझने के लिए लोकोमोटिव में सफर करने का कार्यक्रम भी रखा गया है. कंट्रोल रूम और रेलवे वर्कशॉप का दौरा भी इस कार्यक्रम का हिस्सा है.
सैलरी और भत्तों पर क्या असर पड़ सकता है?
केंद्रीय कर्मचारियों को उम्मीद है कि आयोग के सामने उनकी मांगें रखने से वेतन और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार होगा. यूनियनें काम के घंटे, जिम्मेदारियों, जोखिम और कर्मचारियों की वास्तविक जरूरतों जैसे विषय उठा सकती हैं. रेलवे कर्मचारियों के लिए यह मौका इसलिए जरूरी है, क्योंकि उनके कई कामों में शारीरिक मेहनत, सतर्कता और सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां शामिल होती हैं.
हालांकि, मुंबई में होने वाली बैठकों के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि सैलरी कितनी बढ़ेगी या कौन-सा भत्ता कितना मिलेगा. आयोग को अलग-अलग कर्मचारी ग्रुप की मांगों और अन्य जरूरी फैक्टर्स पर विचार करना होगा. इसके बाद ही सिफारिशों का स्वरूप सामने आएगा.
कब तक साफ होगी नई सैलरी की तस्वीर?
22 और 23 अक्टूबर का दौरा 8वें वेतन आयोग की परामर्श प्रक्रिया का हिस्सा है. इस दौरान मिली जानकारी और कर्मचारी संगठनों के सुझाव आयोग की सिफारिशें तैयार करने में मदद कर सकते हैं. लेकिन अभी नई सैलरी, फिटमेंट फैक्टर या भत्तों में बढ़ोतरी को लेकर किसी अंतिम फैसले की पुष्टि नहीं हुई है. कर्मचारियों और पेंशनर्स को आयोग की आगे की घोषणाओं और सरकार के आधिकारिक फैसलों पर नजर रखनी चाहिए. मुंबई दौरे से कर्मचारियों की मांगों को सामने रखने का अवसर जरूर मिलेगा, लेकिन वेतन में वास्तविक बदलाव कितना होगा और कब लागू होगा, यह आगे की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा.