Last Updated:
Jhunjhunu News: झुंझुनूं जिले के मंडावा कस्बे में मुकंदगढ़ रोड और जयपुर मार्ग पर बदहाल सड़कों व बड़े गड्ढों के कारण आमजन भारी परेशानी झेल रहा है. एसडीएम कार्यालय, तहसील, पंचायत समिति और सरकारी अस्पताल के आसपास की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. इसके अलावा मिठवास में शहीद स्मारक के सामने भी गहरी खाइयों जैसे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं. ग्रामीणों की कई बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा मरम्मत न कराए जाने से लोगों में रोष है और वे जल्द समाधान चाहते हैं.
Jhunjhunu Mandawa Road News: मंडावा में जर्जर सड़कें और बड़े गड्ढे दे रहे हादसों को न्योता, जनता परेशान
झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंडावा कस्बे में इन दिनों सड़कों की बदहाल स्थिति आमजन और वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बनी हुई है. कस्बे के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को सीधा न्योता दे रहे हैं. मंडावा के मुकंदगढ़ रोड से लेकर जयपुर मार्ग तक सड़कों की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है, जिससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते जनता में गहरा रोष व्याप्त है.
मुकंदगढ़ रोड पर पुराने पेट्रोल पंप के सामने से लेकर एसडीएम कार्यालय, पंचायत समिति कार्यालय, तहसील और सरकारी अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण और व्यस्त राजकीय संस्थानों के आसपास सड़क की स्थिति बेहद दयनीय है. इन सभी महत्वपूर्ण कार्यालयों में प्रतिदिन सैकड़ों अधिकारी, कर्मचारी और दूर-दराज से आने वाले आम नागरिक पहुंचते हैं, लेकिन इसके बावजूद इस मुख्य मार्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है. सड़क पर इतने बड़े और गहरे गड्ढे बन चुके हैं कि जरा सी चूक से वाहन चालक चोटिल हो सकते हैं.
जयपुर मार्ग पर मिठवास में शहीद स्मारक के सामने खराब हालत
मंडावा से जयपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित मिठवास गांव में शहीद स्मारक के ठीक सामने भी सड़क की हालत काफी खराब है. यहां बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं. ग्रामीणों और स्थानीय निवासी मुकेश गढ़वाल तेतरा का कहना है कि बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुपहिया और चौपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है.
जनता की मांग और बड़े हादसे की आशंका
स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े और गंभीर हादसे का इंतजार कर रहे हैं? मंडावा के नागरिकों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पुरजोर मांग की है कि जल्द से जल्द इन क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढे भरवाए जाएं और इनकी समय पर मरम्मत कराई जाए ताकि किसी अनहोनी घटना से बचा जा सके. अगर जल्द ही सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो स्थानीय लोग बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.