Last Updated:
दलेर मेहंदी उत्तराखंड में एक परफॉर्मेंस को लेकर विवादों में घिर गए हैं. सोशल मीडिया पर दिग्गज सिंगर को खूब ट्रोल किया जा रहा है और उनके जमकर मीम्स बन रहे हैं. इस पूरे विवाद के बीच दलेर मेहंदी के छोटे भाई मीका सिंह उनके सपोर्ट में आए हैं. मीका ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर अपनी भाईसाहब का सपोर्ट किया और पूछा कि क्या कभी लोगों ने सिंगर को शराब पीते देखा है.
मीका सिंह ने किया भाई दलेर मेहंदी का सपोर्ट. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों विवाद के केंद्रे में हैं. उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी परफॉर्म करने पहुंचे थे लेकिन वो अपने गाने या शो की वजह से नहीं बल्कि किसी और वजह से चर्चा में हैं. दरअसल, सिंगर मंच पर ही थे कि तभी अचानक कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनका लाइव कॉन्सर्ट बंद करा दिया. कैबिनेट मंत्री ने दलेर मेहंदी से कहा कि उनसे खड़ा तो हुआ नहीं जा रहा है, तो वो गाना क्या ही गायेंगे. इस मेले का ये क्लिप जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लोगों ने दलेर मेहंदी को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया. इस पूरे विवाद के बीच अब दिग्गज सिंगर के भाई मीका सिंह उनके सपोर्ट में आए हैं.
भाई मीका सिंह ने किया दलेर मेहंदी का सपोर्ट
मीका सिंह अपने भाई के साथ हो रहे व्यवहार से नाराज नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स और मीम पेजेस पर दलेर मेहंदी का मजाक उड़ाने वालों से पूछा, ‘क्या उनकी बर्थडे पार्टी में कभी शराब की बोतलें देखी हैं? नहीं ना! तो फिर बिना कुछ देखे और जाने आप इस तरह की बातें कैसे कह सकते हैं? हम कलाकार कई बार किसी से वादा कर लेते हैं कि हम आपका शो जरूर करेंगे. इसके बाद चाहे हमारी तबीयत कितनी भी खराब क्यों न हो, हम अपनी कमिटमेंट पूरी करने की कोशिश करते हैं’.
दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आए मीका सिंह. (फोटो साभार इंस्टाग्राम mikasingh)
‘किसी ने उनकी बात नहीं सुनी’: मीका सिंह
सिंगर आगे कहते हैं, ‘मान लीजिए, मुझे 104 डिग्री बुखार है और दो दिन बाद मेरा कोई शो है, जिसके लिए मैं पहले ही हां कर चुका हूं, तो मैं उसे पूरा करने की कोशिश करूंगा. फिर चाहे शो का बजट बड़ा हो या छोटा, मेरे लिए अपना वादा निभाना जरूरी होगा. हो सकता है कि दलेर मेहंदी ने भी अपनी कमिटमेंट निभाने के लिए ही ऐसा किया हो’.
मीका सिंह ने ये वीडियो मेसेज शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर कैप्शन लिखा कि उनके भाई दलेर मेहंदी के साथ मंच पर जो व्यवहार हुआ वो काफी गलत था. वो पूछते हैं कि क्या कोई इंटरनेशनल बैंड्स के साथ ऐसा व्यवहार करने की हिम्मत कर सकता है. मीका आगे कहते हैं कि वो अपने भाई दलेर मेहंदी को जानते हैं कि वो शराब नहीं पीते और पिछले 2 साल से वो बीमार चल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वो अपने बैंड के साथ परफॉर्म कर रहे हैं.