पंजाब के मानसा के ड्रग्स एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में पंजाब सरकार ने सीबीआई जांच कराने के आदेश दिए हैं. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आज पंजाब दौरे से पहले पंजाब सरकार ने आज हत्या की जांच को सीबीआई के हवाले कर दिया है. ऐसे में अब संभावना जताई जा रही है कि 8 दिनों से अस्पताल में शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए अब परिवार राजी हो सकता है.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, ‘नशों के खिलाफ लड़ रहे परमिंदर सिंह झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ हम हर समय डटकर खड़े हैं. परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए, हम यह केस CBI को सौंप रहे हैं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘नशे के सौदागरों के खिलाफ हमारी लड़ाई आर-पार की है. पंजाब को नशा-मुक्त करने के लिए हमें जो भी सख्त कदम उठाना पड़ा, हम पीछे नहीं हटेंगे.’
अमित शाह के मानसा दौरे से पहले CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान
पंजाब के मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह उर्फ झोटा हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI करेगी. यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्री के मानसा दौरे से ठीक पहले लिया गया है. जानकारी के मुताबिक अमित शाह आज झोटा के परिवार से मिलेंगे. झोटा का परिवार और इंसाफ कमेटी लंबे समय से मामले की CBI जांच की मांग कर रहे थे.
इससे पहले सोमवार को परिवार से बातचीत के लिए तीन महिला IAS अधिकारियों की टीम मानसा पहुंची थी. टीम में फरीदकोट रेंज की डिविजनल कमिश्नर कंवलप्रीत कौर बराड़, मानसा की DC नवजोत कौर और पूर्व DC अपनीत रियात शामिल थीं. अधिकारियों ने परिवार और इंसाफ कमेटी से बातचीत कर उनकी मांगें सुनी थीं.
बता दें कि परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में एक मेडिकल स्टोर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री का विरोध करने को लेकर झोटा और केमिस्ट अश्विनी कुमार के बीच विवाद हुआ था. घटना के वक्त झोटा फेसबुक पर लाइव थे. इसी दौरान केमिस्ट अश्विनी कुमार ने उन पर गोली चला दी. झोटा को पेट में दो और जांघ में एक गोली लगी.अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.घटना में झोटा के चार साथी भी घायल हुए थे.
हत्याकांड से जुड़ा एक फेसबुक लाइव वीडियो भी सामने आया था. वीडियो में झोटा को मेडिकल स्टोर के पास देखा गया और गोली चलने की घटना भी लाइव रिकॉर्ड हुई. गोली लगने के बाद झोटा जमीन पर गिर गए और इसके बाद लाइव स्ट्रीम बंद हो गई.
पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार लिया था.
इस घटना से पहले झोटा ने कथित तौर पर नशे की बिक्री के विरोध में अश्विनी कुमार को जूतों की माला पहनाकर बाजार में घुमाया था. इसी से वह खौर खाए बैठा था.
8 दिन से अस्पताल में रखा है शव
हत्याकांड के बाद से परिवार और इंसाफ कमेटी CBI जांच की मांग पर अड़े हुए थे.
बताया जा रहा है कि झोटा का शव करीब आठ दिनों से मानसा के सिविल अस्पताल में रखा हुआ है. अब मुख्यमंत्री द्वारा CBI जांच का ऐलान किए जाने के बाद परिवार के अगले कदम पर सभी की नजर है.