विजयादशमी पर क्या खरीदना रहेगा शुभ? इन चीजों से घर में आएगी सुख-समृद्धि!
Last Updated:
Dussehra Upay: विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ सुख-समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन कुछ खास वस्तुओं की खरीदारी करना बेहद शुभ होता है. आइए जानते हैं कि दशहरे पर क्या खरीदना चाहिए.
उज्जैन. विजयादशमी यानी दशहरे का पर्व आज 20 अक्टूबर 2026 को धूमधाम से मनाया जा रहा है. हिंदू पंचांग के अनुसार, यह त्योहार हर वर्ष आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को आता है. इस पर्व का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बेहद खास है. मान्यता है कि इसी दिन मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया था. वहीं भगवान श्रीराम ने रावण का अंत कर अधर्म पर धर्म की विजय स्थापित की थी. विजयादशमी के साथ शारदीय नवरात्रि का समापन होता है और कई स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया जाता है.
विजयादशमी यानी दशहरे का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. इस दिन पूजा-पाठ के साथ शुभ कार्यों और खरीदारी का भी विशेष महत्व माना जाता है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, दशहरे पर कुछ खास वस्तुएं घर लाने और पुण्य कार्य करने से सुख-समृद्धि आती है.
दशहरा पर क्या खरीदना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन कुछ खास चीजों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है. सोने-चांदी के आभूषण या सिक्के खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आने की मान्यता है. दशहरे को सिद्ध मुहूर्त मानने के कारण लोग नया वाहन भी खरीदते हैं. इसके अलावा तांबे और पीतल के बर्तन खरीदना भी मंगलकारी माना जाता है. घर में नई झाड़ू लाना नकारात्मकता दूर करने का प्रतीक माना जाता है. इस दिन शमी का पौधा लगाना, नई किताबें, पेन-कॉपी और परिवार के लिए नए कपड़े खरीदना भी शुभ माना जाता है.
दशहरा के दिन घर में क्या करना चाहिए?
विजयादशमी यानी दशहरे का पर्व सुख-समृद्धि और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. इस दिन सुबह स्नान के बाद घर की साफ-सफाई करें और मुख्य द्वार पर आम के पत्तों का तोरण लगाकर सुंदर रंगोली बनाएं. भगवान श्रीराम, मां दुर्गा और शस्त्रों की पूजा कर रामरक्षा स्तोत्र या दुर्गा चालीसा का पाठ करना शुभ माना जाता है. शमी वृक्ष का पूजन कर उसके पत्ते अपनों को बांटने की परंपरा भी है. शाम को चौमुखी दीपक जलाएं. साथ ही वाहन, किताबों और औजारों की पूजा करें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रावण दहन की राख घर लाना भी शुभ माना जाता है.