Last Updated:
Rajasthani Style Maida Dhokla Recipe: सर्दियों में अगर आप कुछ अलग और देसी नाश्ता चखना चाहते हैं, तो राजस्थान के जालोर का मैदे वाला ढोकला आपको हैरान कर सकता है. आमतौर पर ढोकला बनाने के लिए बेसन का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन जालोर में बनने वाले इस पारंपरिक पकवान की खासियत यह है कि इसमें बेसन की जगह मैदा डाला जाता है. गृहिणी अनीता जैन बताती हैं कि इसे बनाने के लिए मैदे में नमक और जीरा मिलाकर गर्म पानी से मिश्रण तैयार किया जाता है. इसके बाद ढोकले का आकार देकर इसे करीब 15 से 20 मिनट तक पकाया जाता है. छोटे टुकड़ों में काटकर इस पर घी या तेल लगाया जाता है और लाल मिर्च, नमक व जीरे के साथ इसका स्वाद लिया जाता है. आसान विधि और सामान्य सामग्री से बनने वाला यह नाश्ता बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आता है.
जालोर. सर्दियों की शुरुआत होते ही मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगती है. ऐसे में घर की रसोई में भी मौसम के हिसाब से बनने वाले देसी पकवानों की खुशबू आने लगती है. जालोर में भी कई घरों में ऐसा ही एक पारंपरिक नाश्ता तैयार किया जाता है, जिसे बनाने का तरीका भले ही आसान है, लेकिन इसका स्वाद काफी अलग है. खास बात यह है कि नाम ढोकला है, लेकिन इसमें बेसन का इस्तेमाल नहीं होता बल्कि यह मैदे से तैयार होता.
गृहिणी अनीता जैन बताती हैं कि हमारे यहां मैदे का ढोकला काफी समय से बनाया जाता है. सर्दियों में इसे घर पर बनाते हैं. ज्यादा सामग्री नहीं लगती और घी या तेल के साथ इसका स्वाद बहुत अच्छा लगता है. इस देसी ढोकले को बनाने के लिए करीब 500 ग्राम मैदा लिया जाता है. इसमें एक चम्मच नमक और आधा चम्मच जीरा डालकर अच्छी तरह मिला लिया जाता है. इसके बाद उबलते हुए पानी को धीरे-धीरे मैदे में डालते हैं. लकड़ी के चम्मच की मदद से इसे एक ही दिशा में लगातार चलाया जाता है, जिससे कि मिश्रण में गांठें न रहें.
ढोकला बनाने का ये है सबसे आसान तरीका
इसे बनाने वाली महिला अनीता ने लोकल18 को जानकारी देते हुए बताया कि मैदे में गर्म पानी धीरे-धीरे डालना होता है और इसे अच्छी तरह चलाते हैं. मिश्रण सही तरीके से तैयार हो जाए तो आगे ढोकला बनाना आसान रहता है. मिश्रण तैयार होने के बाद इसे थोड़ा ठंडा होने दिया जाता है. इसके बाद हाथों को गीला करके मैदे के मिश्रण को ढोकले का आकार दिया जाता है. अब इसे स्टीम या प्रेशर कुकर में करीब 15 से 20 मिनट तक पकाया जाता है. पकने के बाद ढोकले को बाहर निकालकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है.
ढोकले को परोसने से पहले लगाएं गरमा-गरमा घी
इसे परोसने के समय गरमा-गरम मैदे के ढोकले पर घी या तेल लगाया जाता है. इसे घर के मसालो जैसे लाल मिर्च पाउडर, नमक और जीरा के साथ भी खाया जा सकता है. कम सामग्री में तैयार होने वाला यह देसी पकवान स्वाद में सादा होने के बावजूद बहुत लाजवाब लगता है. इसे बनाने में ज्यादा झंझट नहीं है. बच्चे और बड़े सभी इसे पसंद करते हैं. गरम ढोकले पर थोड़ा घी लगाकर खाने पर इसका स्वाद और अच्छा लगता है. जालोर की रसोई में ऐसे कई देसी पकवान हैं, जो मौसम बदलने के साथ सिर्फ कुछ सामान्य सामग्री और देसी तरीके से तैयार होते है और सर्दियों की शुरुआत में घर के नाश्ते का स्वाद बदल देते हैं.