Last Updated:
Patna Ravana Dahan: देशभर में दशहरा की धूम है. शहर-शहर आज शाम रावण दहन होने वाला है. ऐसे में पटना के गांधी मैदान में भी रावण दहन कार्यक्रम को लेकर खासा तैयारियां की गईं हैं. यदि आप भी इस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है. जानें कार्यक्रम स्थल में एंट्री के लिए आम लोगों और वीआईपी लोगों के लिए कौन-कौन से गेट खुले रहेंगे.
गांधी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी.
पटनाः बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में आज दशहरा के मौके पर रावण वध कार्यक्रम होगा. इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने तैयारियों का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने गांधी मैदान में बैरिकेडिंग, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की. उन्होंने सभी अधिकारियों को जरूरी इंतजाम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
किस गेट से मिलेगी एंट्री?
लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, गांधी मैदान में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग गेट तय किए गए हैं.
– गेट नंबर 1: मुख्य अतिथियों के लिए
– गेट नंबर 4: VIP के लिए
– गेट नंबर 12: VVIP और मीडिया के लिए
– गेट नंबर 13: दशहरा कमेटी के सदस्यों के लिए
आम लोग दूसरे तय गेट से मैदान में प्रवेश कर सकेंगे. महिलाओं की सुविधा के लिए मैदान में दो अलग दीर्घाएं बनाई गई हैं. जिला प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे शाम 4 बजे तक अपनी सीट पर पहुंच जाएं.
बनाया गया 90 फीट का रावण
मालूम हो कि, गांधी मैदान में रावण का पुतला 90 फीट, मेघनाथ 85 फीट और कुंभकरण का पुतला 80 फीट का बनाया गया है. शाम 4 बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के राज्यपाल के सहित अन्य लोग मौजूद होंगे. रावण वध देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं लिहाजा इसके लिए भी सरकार और प्रशासन की तरफ से विशेष इंतजाम किए गए हैं.
CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी
रावण वध कार्यक्रम के लिए गांधी मैदान को चार सेक्टर में बांटा गया है. हर सेक्टर में एक अधिकारी तैनात रहेगा. मैदान के 25 प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी ड्यूटी करेंगे. सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी. पूरे मैदान पर CCTV कैमरों से नजर रखी जाएगी. ड्रोन से भीड़ की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी. इसके अलावा मैदान में हेल्प डेस्क, एम्बुलेंस, अग्निशमन सेवा और पीने के पानी की व्यवस्था रहेगी.
किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए अस्थायी थाना और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी तैनात रहेगी. मैदान में आने वाले लोगों की जांच और स्कैनिंग की जाएगी. किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें कॉल
– जिला नियंत्रण कक्ष: 0612-2219810, 0612-2219234
– पुलिस नियंत्रण कक्ष: 9031825979
– आपातकालीन सहायता: 112