ऋषिकेश: ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर कम होने के बाद घाटों की तस्वीर अब बदली हुई नजर आने लगी है. पानी का लेवल कम होने से घाटों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है और यहां पहले जैसी चहल-पहल फिर दिखाई देने लगी है. गंगा किनारे घूमने आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग अब सुकून के कुछ पल बिताते नजर आ रहे हैं. कोई घाट की सीढ़ियों पर बैठकर गंगा को निहार रहा है, तो कोई परिवार के साथ यहां समय बिता रहा है. सुबह और शाम के वक्त घाटों पर लोगों की मौजूदगी से माहौल और भी खुशनुमा हो जाता है. कुछ समय पहले तक जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों पर आवाजाही प्रभावित थी, लेकिन अब पानी कम होने से स्थिति में बदलाव दिख रहा है.
घाटों पर लौटी रौनक, गंगा किनारे बढ़ी लोगों की चहल-पहल
स्थानीय लोग यहां सुबह की सैर करने, गंगा किनारे वक्त बिताने और पूजा-पाठ के लिए पहुंच रहे हैं. वहीं, ऋषिकेश घूमने आए पर्यटक भी घाटों पर बैठकर प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे हैं. घाटों के आसपास की गतिविधियां बढ़ने से यहां की रौनक भी लौटती नजर आ रही है. शाम के समय गंगा किनारे का माहौल खास बन जाता है, जब लोग दिनभर की भागदौड़ से दूर कुछ पल शांति से बिताते हैं.
पहली बार ऋषिकेश आए पर्यटक ने बताया कैसा है गंगा का जलस्तर
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान झारखंड से ऋषिकेश घूमने आए अमित ने बताया कि वे पंजाब के एक कॉलेज में पढ़ाई करते हैं और वहीं से अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश ट्रिप पर आए हैं. उन्होंने बताया कि वे पहली बार ऋषिकेश आए हैं और उन्हें यहां का मौसम तथा गंगा नदी का जलस्तर काफी सामान्य लग रहा है. उन्होंने काफी लोगों से सुना था कि जलस्तर बढ़ा हुआ था, लेकिन अभी यहां आकर देखा तो यह सामान्य है.
अमित ने कहा कि अभी गंगा स्नान करने के लिए भी अच्छा समय है. हालांकि, शाम के समय हल्की ठंड होने के कारण स्नान करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे सर्दी-जुकाम होने का खतरा रहता है. उनके मुताबिक, जो लोग गंगा स्नान करना चाहते हैं, वे दिन में 10 से 11 बजे के बीच स्नान कर सकते हैं, क्योंकि उस समय धूप अच्छी रहती है.
देहरादून से आए पर्यटक बोले- सामान्य है गंगा का जलस्तर
वहीं, देहरादून से ऋषिकेश घूमने आए सूरज ने बताया कि इस समय यहां गंगा का जलस्तर पूरी तरह से सामान्य है, जो आमतौर पर बारिश के दिनों में थोड़ा बढ़ जाता है. उन्होंने कहा कि जो लोग इन दिनों ऋषिकेश आ रहे हैं, वे बिना किसी परेशानी के गंगा स्नान का आनंद ले सकते हैं.
सूरज ने बताया कि गंगा नदी का जलस्तर सामान्य होने की वजह से गंगा किनारे का नजारा और भी सुंदर लग रहा है. पर्यटक यहां शांति से घूम-फिर रहे हैं. गंगा के घाटों पर बहती ठंडी हवा और आसपास के पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता मिलकर इस जगह की रौनक को और बढ़ा रही है.