नई दिल्ली. जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (Jio Platforms Ltd) का आईपीओ एंकर निवेशकों के लिए आज खुल गया. रिटेल निवेशकों के लिए यह 21 अक्टूबर को खुलेगा. जियो आईपीओ को लेकर छोटे और बड़े, सभी निवेशकों में उत्साह है. शेयर बाजार के दिग्गज फंड मैनेजर और हेलिओस कैपिटल के संस्थापक समीर अरोड़ा भी इस आईपीओ पर बुलिश है. अरोड़ा ने दावा किया है कि जियो का IPO अच्छा लिस्टिंग गेन देगा. इसलिए इसमें निवेश का मौका छोड़ना समझदारी नहीं होगा.
समीर अरोड़ा का मानना है कि जियो प्लेटफॉर्म्स की बाजार में एंट्री निवेशकों के लिए एक ऐसा मौका है जिसे छोड़ना समझदारी नहीं होगी. CNBC-TV18 और CNBC-Awaaz को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में IPO से कमाई करना काफी आसान रहने वाला है.
लिस्टिंग के बाद भी कमाई
अरोड़ा के अनुसार, लिस्टिंग के दिन और उसके तुरंत बाद शेयर में अच्छा-खासा मुनाफा बनने की पूरी उम्मीद है. कंपनी ने ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर का जो प्राइस बैंड तय किया है, वह मौजूदा वैल्यूएशन के लिहाज से ‘सही और वाजिब’ है. इससे निवेशकों के लिए टेबल पर मुनाफा कमाने की पूरी गुंजाइश बचती है.
कितना मिलेगा रिटर्न?
लिस्टिंग गेन को लेकर बाजार में चल रही अटकलों पर समीर अरोड़ा ने कहा कि लिस्टिंग और उसके बाद यह शेयर निवेशकों को इंडेक्स से बेहतर रिटर्न जरूर देगा, लेकिन निवेशकों को इसमें 30% या 50% जैसे लिस्टिंग गेन या अचानक बड़े उछाल की उम्मीद नहीं बांधनी चाहिए. अरोड़ा के मुताबिक, “बड़ी और स्थापित कंपनियां आमतौर पर 15 से 20 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ती हैं. लिस्टिंग के बाद जियो एक ऐसा भरोसेमंद शेयर बन जाएगा जो पोर्टफोलियो को स्थिरता और उचित रिटर्न देगा, न कि रातोंरात पैसा दोगुना करने वाला सट्टा.”
₹2.5 लाख करोड़ की रिकॉर्ड एंकर डिमांड से मिला मजबूती का संकेत
समीर अरोड़ा का यह भरोसा ऐसे समय आया है जब जियो प्लेटफॉर्म्स के एंकर बुक ने इतिहास रच दिया है. कंपनी के ₹8,110 करोड़ के एंकर हिस्से के मुकाबले संस्थागत निवेशकों से 30 गुना अधिक, यानी लगभग ₹2.5 लाख करोड़ की मांग आई है. ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी, जेपी मॉर्गन जैसे ग्लोबल एसेट मैनेजर्स के साथ-साथ सिंगापुर के GIC, नॉर्वे के नॉर्जेस बैंक, अबू धाबी (ADIA) और कतर (QIA) के सॉवरेन वेल्थ फंड्स ने इसमें भारी बोलियां लगाई हैं.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)