भाजपा में प्रमोद महाजन का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा था. अटल सरकार में मंत्री रह चुके महाजन को उस वक्त वाजपेयी और आडवाणी के बाद भाजपा के सबसे बड़े रणनीतिकार के तौर पर देखा जाता था. सब ठीक चल रहा था. 22 अप्रैल 2006 को अचानक प्रमोद महाजन को गोली मार दी गई. उनकी हत्या करने वाला उनका अपना भाई प्रवीण महाजन था. वारदात उनके मुंबई वाले घर पर हुई थी. प्रमोद महाजन अस्पताल में मौत से जंग लड़े मगर 3 मई को जिंदगी हार बैठे. प्रमोद महाजन तो चले गए, अब तलाश उस चेहरे की थी जो उनकी विरासत को आगे बढ़ाए. वो चेहरा थे राहुल महाजन.
प्रमोद महाजन के दो बच्चे थे. बड़ा बेटा राहुल महाजन और बेटी पूनम महाजन. पिता की हत्या के बाद परिवार की जिम्मेदारी राहुल महाजन पर थी. चूंकि उस समय तक प्रमोद महाजन राष्ट्रीय स्तर के नेता बन चुके थे, ऐसे में पिता की मौत ने राहुल महाजन को सुर्खियों में ला दिया. जिस समय वह अपने जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी से जूझ रहे थे, उसी समय राहुल के नाम की इतनी हाइप बनाई गई कि वे अवसाद में चले गए.
हाल ही में सुभोजित घोष के साथ एक पॉडकास्ट में राहुल महाजन ने उस दौर को याद किया. उन्होंने बताया कि उस समय सबसे ज्यादा बुरा ये था कि जब वे अपने पिता का अंतिम संस्कार कर रहे थे तो 400 से ज्यादा कैमरे उन्हें कैद कर रहे थे. पॉडकास्ट में राहुल ने अपनी निजी जिंदगी और टीवी कैरियर पर भी बात की.
पायलट के तौर पर किया काम
राहुल महाजन का जन्म 25 जुलाई 1975 को हुआ था. पिता प्रमोद महाजन भाजपा के प्रमुख नेता थे. घर के हालात अच्छे थे. ऐसे में राहुल ने मुंबई के बेहतरीन स्कूलों में शुरुआती पढ़ाई की और उसके बाद अमेरिका के फ्लाइंग स्कूल में कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग ली. कुछ समय तक प्रोफेशनल पायलट के तौर पर काम भी किया.
इसी दौरान उनकी मुलाकात श्वेता सिंह से हुई जो बाद में उनकी पहली पत्नी बनी. जब प्रमोद महाजन को गोली मार दी गई तबतक राहुल महाजन एक पायलट के तौर पर ही जाने जाते थे. पिता की मौत के बाद राहुल महाजन टूट चुके थे. उस समय वह ऐसी परिस्थतियों में थे जहां पिता के समर्थक और प्रशंसक उनमें एक राजनेता ढूंढ रहे थे, मगर उनका फोकस सिर्फ पिता की मौत से उबरना था.
एक महीने बाद ही पहुंचे तिहाड़
राहुल पहले ही जिंदगी की सबसे बड़ी त्रासदी से जूझ रहे थे. वह लगातार सुर्खियों में भी छाए थे. इसी बीच कुछ ऐसा हुआ जिसने उन्हें तिहाड़ जेल पहुंचा दिया. दरअसल 2 जून 2006 की रात अचानक राहुल महाजन और उनके पिता के निजी सचिव विवेक मैत्रा को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एडमिट कराया गया.
मामला कथित तौर पर ड्रग्स के सेवन से जुड़ा था. राहुल पहले से ही चर्चा में थे. विवेक मैत्रा की मौत हो जाने से मामले ने तूल पकड़ा और राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया. नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ. 14 जून को राहुल को जमानत मिल गई और जनवरी 2007 में उनके खिलाफ लगे आरोप निराधार पाए गए.
जेल के बाद पीछे पड़ गए विवाद
अचानक से चर्चा में आना राहुल महाजन के लिए मुसीबत बन चुका था. तिहाड़ जेल जाते ही उनकी राजनीतिक पारी पर सवालिया निशान खड़े होने शुरू हो गए थे. राहुल ने खुद को संभालने की कोशिश की. जुलाई 2006 में उन्होंने श्वेता सिंह से सगाई कर ली जिन्हें वह लंबे समय से जानते थे. श्वेता भी विमानन क्षेत्र से जुड़ी थी. 29 अगस्त 2006 को दोनों की शादी भी हो गई. मगर रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं टिका. श्वेता ने राहुल पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए. दिसंबर 2007 में दोनों ने तलाक की प्रक्रिया शुरू की और अगस्त 2008 में उनका तलाक हो गया.
बिग बॉस में एंट्री
राहुल महाजन के साथ जुड़े विवादों की वजह से उनकी राजनीतिक एंट्री मुश्किल हो चुकी थी. ऐसे में राहुल ने टीवी की ओर रुख किया. 2008 में वे रियलिटी शो बिग बॉस सीजन-2 का हिस्सा बने. यह अपनी निजी पहचान बनाने की राहुल महाजन की एक कोशिश थी. वह एक प्रतिभागी के तौर पर शामिल हुए मगर यहां उनके व्यवहार और विवादों ने उन्हें चर्चा में रखा. सबसे ज्यादा चर्चित तो उनका बिग बॉस की दीवार फांदकर बाहर जाना रहा था. इसके बाद राहुल महाजन को शो से बाहर कर दिया गया था.
टीवी पर किया स्वयंवर
अब तक राहुल की टीवी पर पहचान बन चुकी थी. 2010 में वह फिर छोटे पर्दे पर लौटे. इस बार उनके शो का नाम था राहुल दुल्हनिया ले जाएगा. यह रियलिटी शो था, जिसमें कई प्रतिभागियों के बीच राहुल को अपने लिए जीवनसाथी चुनना था. शो में डिंपी गांगुली ने राहुल का ध्यान खींचा. 6 मार्च 2010 को दोनों की शादी हुई. राहुल महाजन एक बार फिर सुर्खियों में थे. मगर विवादों का सिलसिला थमा नहीं और कुछ माह बाद उन पर एक बार फिर घरेलू हिंसा के आरोप लगे. बाद में दोनों एक डांस रियलिटी शो में नजर आए मगर रिश्ता सामान्य नहीं हो सका. राहुल महाजन को दूसरा तलाक लेना पड़ा.
नतालिया से की तीसरी शादी
2018 में राहुल महाजन ने कजाखस्तान की मॉडल नतालिया इलिना से शादी की. बेहद निजी समारोह में शादी की रस्में की गईं. इसके बाद दोनों 2022 में स्मार्ट जोड़ी जैसे टीवी कार्यक्रम में नजर आए. बाद में यह रिश्ता भी नहीं चला और 2023 में राहुल और नलातिया अलग हो गए. इस बीच वे समय समय पर टीवी पर आते रहे. 2015 में बिग बॉस हल्ला बोल का हिस्सा बने जो विशेष सीजन था. इसके अलावा वह 2021 में बिगबॉस-14 में भी नजर आए थे. राहुल महाजन एक बार फिर अपने जीवन के कठिन दौर में हैं. हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने पिता की हत्या के बाद अपने करियर और तीनों शादियां टूटने पर चर्चा की थी.