कोलकाता जा रही थी एयर एंबुलेस, 12000 फीट हवा में खुला दरवाजा, बांग्लादेश में करानी पड़ी लैंडिंग, मरीज की मौत


Last Updated:

अगरतला से कोलकाता जा रही भारतीय एयर एंबुलेंस को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण बांग्लादेश की राजधानी ढाका में उतारना पड़ा. करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान का दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया था. विमान में सवार 56 वर्षीय भारतीय महिला अंजना भौमिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. विमान में मौजूद बाकी छह लोग सुरक्षित बताए गए हैं. महिला की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

Top Deals Inside

कोलकाता जा रही एयर एंबुलेस का हवा में खुला दरवाजा, ढाक में इमरजेंसी लैंडिंगZoom

एयर एंबुलेंस की इमरजेंसी लैंडिंग हुई. (AI जेनेरेटेड इमेज)

अगरतला से कोलकाता जा रही भारत की एक एयर एंबुलेंस को रविवार को अचानक बांग्लादेश में उतारना पड़ा. उड़ान के दौरान करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान में तकनीकी खराबी आ गई और उसका दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया. इसके बाद विमान को ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया. विमान में एक बीमार भारतीय महिला भी सवार थीं. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

सरकारी समाचार एजेंसी ‘BSS’ के मुताबिक, विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HYA था. यह बीचक्राफ्ट किंग एयर C90A विमान था. इसमें दो पायलट, मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ आए दो अन्य लोग सवार थे. विमान में कुल सात लोग थे. खबर के मुताबिक, बाकी सभी लोग सुरक्षित हैं. खबर के मुताबिक, विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजकर 40 मिनट पर हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित तरीके से उतरा. विमान में दो पायलट, एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ आए दो अन्य लोगों समेत सात लोग सवार थे.

मरीज कौन थी?

बांग्लादेशी अखबार ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, मरीज की पहचान 56 वर्षीय अंजना भौमिक के रूप में हुई है. उन्हें कुर्मिटोला मल्टीकेयर स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. खबर में कहा गया है कि विमान में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित हैं. अभी यह साफ नहीं है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई. यह भी पता नहीं चला है कि उनकी मौत विमान में आई तकनीकी खराबी से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई अन्य मेडिकल समस्या थी.

ढाका में ही रुका है प्लेन

‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यकारी निदेशक के प्रवक्ता मोहम्मद रियाजउद्दीन ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान में यांत्रिक खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसका दरवाजा खुल गया. हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कमरुल हसन तालुकदार ने बताया कि भौमिक की रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम चार बजकर 40 मिनट पर अस्पताल में मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के पास अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग के लिए जरूरी मंजूरी नहीं थी. इसके बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर विमान को उतरने की अनुमति दी और मदद की. ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी जरूरी राजनयिक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ तालमेल किया. इस घटना के बाद विमान ढाका हवाई अड्डे पर ही रुका हुआ है.’द डेली स्टार’ के मुताबिक, विमान का संचालन भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड करती है. फिलहाल मंजूरी से जुड़े मुद्दों को सुलझाने की कोशिश की जा रही है.



Source link