Last Updated:
Jharkhand Dehri Sweet Recipe: झारखंड के देवघर और अन्य क्षेत्रों में चावल, गुड़ और दही से बनने वाली पारंपरिक मिठाई ‘देहरी’ का स्वाद बेहद खास होता है. त्योहारों और शुभ अवसरों पर बनने वाली यह स्वादिष्ट मिठाई कई दिनों तक खराब नहीं होती है और इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
देवघर: झारखंड में जब भी घर में कुछ मीठा बनाने की बात आती है, तो सबसे पहले यहां के पारंपरिक पकवानों की याद आती है. ऐसा ही एक खास पकवान है देहरी, जिसका स्वाद गांवों में आज भी लोगों को खूब पसंद आता है. पर्व-त्योहार हो, पूजा-पाठ हो या शादी-ब्याह, कई घरों में देहरी बनाने की परंपरा आज भी चली आ रही है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बाजार से महंगी-महंगी चीजें खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती.घर में रखे चावल और गुड़ से ही स्वादिष्ट देहरी तैयार हो जाती है. पहले के समय में जब बाजार में मिठाइयां आसानी से नहीं मिलती थीं, तब घर की महिलाएं अपने हाथों से यह पकवान बनाती थीं. कई जगह देहरी को देवी-देवताओं के भोग में भी चढ़ाया जाता है. बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम देहरी का स्वाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है.अगर आप भी इस बार घर पर कुछ अलग और पारंपरिक मीठा बनाना चाहते हैं, तो देहरी बनाने का यह आसान तरीका जरूर जान लीजिए.
देहरी बनाने के लिए होती है इन सामग्री की जरूरत
देहरी बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती है.इसके लिए सबसे पहले अच्छी गुणवत्ता वाला चावल लेना है.इसके अलावा दही, घी, इलायची पाउडर, गुड़ और जरूरत के अनुसार थोड़ी चीनी रख लीजिए. देहरी को तलने के लिए घी या तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आप इसका रंग थोड़ा आकर्षक बनाना चाहते हैं, तो एक चुटकी हल्दी भी डाल सकते हैं.इन सभी चीजों की मदद से घर पर ही स्वादिष्ट देहरी तैयार की जा सकती है.सबसे अच्छी बात यह है कि इसकी सामग्री आमतौर पर घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है.इसलिए इसे बनाने में न तो ज्यादा खर्च आता है और न ही बाजार से बहुत सारी चीजें लाने की परेशानी होती है.
जानिए बनाने की आसान विधि
अब बात करते हैं देहरी बनाने के तरीके की.सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धोकर एक से दो घंटे के लिए पानी में भिगो दीजिए. जब चावल फूल जाए, तो उसका पानी निकालकर मिक्सर या सिलबट्टे की मदद से बारीक पीस लीजिए.ध्यान रहे कि पेस्ट में चावल के दाने नहीं बचने चाहिए. अब इसमें दही, थोड़ा घी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लीजिए और गाढ़ापन वाला घोल तैयार करें.घोल न ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत गाढ़ा.इसे करीब एक घंटे तक ढककर रख दें.
ऐसे करें चाशनी तैयार
इसके बाद कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और घोल को थोड़ा-थोड़ा डालकर मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तल लें. अब दूसरी कड़ाही में गुड़, थोड़ी चीनी और थोड़ा पानी डालकर चाशनी तैयार करें. इसे करीब पांच मिनट तक पकाएं, ताकि गुड़ अच्छी तरह घुल जाए. जब चाशनी हल्की गाढ़ी हो जाए, तो आंच धीमी करके इसमें तली हुई देहरी डाल दें. एक से दो मिनट तक धीरे-धीरे चलाएं, ताकि चाशनी हर देहरी पर अच्छी तरह लग जाए.इसके बाद गैस बंद कर दें. देहरी को ठंडा होने दें. इस तरह तैयार हो जाएगी झारखंड की पारंपरिक मिठाई देहरी. इसे परिवार के साथ खाइए और मेहमानों को भी खिलाइए. सही तरीके से बनाकर और साफ-सुथरे, सूखे बर्तन में रखकर आप इसका स्वाद कुछ समय तक ले सकते हैं. झारखंड में यह खासकर देवघर जिले में पर्व त्यौहार में जरूर बनाया जाता है.