पिता की ट्रेन से कटकर मौत, कुछ देर बाद उनकी कार से बच्चों के शव मिले, नर्मदापुरम में दिलदहला देने वाली वारदात

पिता की ट्रेन से कटकर मौत, कुछ देर बाद उनकी कार से बच्चों के शव मिले, नर्मदापुरम में दिलदहला देने वाली वारदात


Last Updated:

Narmadapuram News: नर्मदापुरम के पिपरिया में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार से दो मासूम भाइयों के शव मिले हैं. इससे पहले रविवार दोपहर को उनके पिता अजय धाकड़ की भी ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी थी. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

Zoom

इसी कार से शव हुए बरामद.

Narmadapuram News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से एक सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी एक कार से दो सगे भाइयों के शव बरामद हुए हैं. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस जांच में यह भी पता चला कि बच्चों के शव मिलने से पहले पिता की ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी थी.

कार से मिले दो मासूमों के शव
मृतक बच्चों की पहचान 13 वर्षीय समर्थ और 11 वर्षीय शिवाय के रूप में हुई है. दोनों बच्चे बरेली के रहने वाले थे. मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पता चला कि बच्चों के शव मिलने से पहले ही 18 अक्टूबर की दोपहर उनके पिता अजय धाकड़ की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी.

फिल्म देखने की बात कहकर निकले थे घर से
जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी अजय धाकड़ अपने परिजनों से फिल्म देखने जाने की बात कहकर पिपरिया आए थे. वे अपने साथ दोनों बेटों समर्थ और शिवाय को भी लाए थे. पिपरिया पहुंचने के बाद अजय ने अपनी कार पिपरिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर दी थी.

रविवार दोपहर पिता की हुई मौत
रविवार दोपहर को अजय की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी. हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे. परिजन जब रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार के पास पहुंचे और उसे देखा तो उसमें दोनों मासूम बच्चों के शव पड़े मिले. कार में शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

गर्दन पर मिले निशान, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. प्रारंभिक जांच में दोनों मासूम बच्चों की गर्दन पर निशान मिलने की बात सामने आई है. हालांकि, बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है.

सीसीटीवी फुटेज वायरल
पिपरिया रेलवे स्टेशन पर कार पार्क करने का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है. इस फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे युवक कार से आया. उसने स्टेशन की पार्किंग में कार पार्क की और स्टेशन की ओर चला गया. पुलिस इस सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच कर रही है. मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी आशीष पवार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है.



Source link