Last Updated:
बेगूसराय: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में बिहार कनेक्शन सामने आया है. मामले के एक आरोपी की पहचान ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के रूप में हुई है. वो बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक राजस्थान के कोटा में तीनों आरोपियों को पकड़ा गया है.
जानकारी के मुताबिक ऋतिक कुमार की उम्र 22 साल है. वह बेगूसराय जिले के पिपराई गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. मुंबई में उसका पता अंधेरी वेस्ट इलाके में बताया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता है.
मुंबई से दिल्ली जा रहे थे आरोपी
सूत्रों के मुताबिक तीनों आरोपी मुंबई से दिल्ली जा रहे थे. उन्हें कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के आसपास पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है. मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के बाद राजस्थान पुलिस अलर्ट हो गई थी. बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों को कोटा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर स्थित पुलिस अन्वेषण भवन में रखा गया है. परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बैरिकेडिंग की गई है. मीडिया की एंट्री भी बंद कर दी गई है.
कैसे हुई पहचान
सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान और उनकी लोकेशन का पता लगाया था. इसके बाद आरोपियों की तस्वीरें दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ शेयर की गई थीं. राजस्थान पुलिस की एजीटीएफ ने भी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई. हालांकि गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है.
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग
ये घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी. जानकारी के मुताबिक टाइगर श्रॉफ फुटबॉल ग्राउंड से अपनी कार में लौट रहे थे. इसी दौरान हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पिस्तौल से फायरिंग की.
फायरिंग में कार का ड्राइवर घायल हो गया. वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगने की जानकारी सामने आई थी. घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…