कार के दरवाजे में बने थे खुफिया खाने, ठूंस रखे थे नोटों के बंडल, DRI ने रोका तो खुल गया 3 करोड़ का राज


Last Updated:

Hapur News : शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही एक कार में करीब 3 करोड़ रुपये छिपाकर ले जाए जा रहे थे. हापुड़ के छज्जरसी टोल प्लाजा के पास DRI ने कार को रोका तो तलाशी में बड़ा खुलासा हुआ. बैग से 35 लाख रुपये मिले, जबकि बाकी 2.65 करोड़ रुपये कार के दरवाजों में बने खुफिया खानों में छिपाए गए थे.

Top Deals Inside

कार के गेट में थे खुफिया खाने, ठूंस रखे थे नोट, ऐसे खुला 3 करोड़ का राज Zoom

कार से मिले करोड़ों रुपये. (सांकेतिक तस्वीर)

हापुड़ : आप कभी सोच सकते हैं कि कार के दरवाजों में भी तिजोरी बन सकती है. वो भी खूफिया तिजोरी… कुछ ऐसा ही यूपी के हापुड़ में देखने को मिला. यहां राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने एक कार को रोका. पहले तो कार दिखने में नॉर्मल ही लग रही थी. मगर, जब गेट खोला तो जांच की गई तो कार के दरवाजों में बने खुफिया खाने सामने आ गए. इन खानों से नोटों की गड्डियां निकलने लगी. यह देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.

दरवाजों में छिपाए थे करोड़ों

DRI को सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में नकदी लेकर दिल्ली की तरफ जाया जा रहा है. इसके बाद टीम ने पिलखुआ के छज्जरसी टोल प्लाजा के पास कार को रोक लिया और उसकी तलाशी शुरू की. तलाशी के दौरान कार के अंदर रखे एक बैग से 35 लाख रुपये मिले. इसके बाद जब अधिकारियों ने कार की बारीकी से जांच की, तो दरवाजों के अंदर बने खुफिया खानों का पता चला, इन खानों में नोटों की गड्डियां छिपाकर रखी गई थीं। इनसे करीब 2 करोड़ 65 लाख रुपये बरामद हुए. इस तरह कार से कुल करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी मिली.

नकदी के कागजात नहीं दिखा सका चालक

DRI के अधिकारियों ने जब कार चालक से इतनी बड़ी रकम के बारे में पूछताछ की, तो वह नकदी से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका. इसके बाद टीम ने पूरी रकम जब्त कर ली और मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी. अब आयकर विभाग इस रकम के स्रोत की जांच और आगे की कार्रवाई करेगा.

चुनाव से पहले बरामदगी पर नजर

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में इतनी बड़ी नकदी की बरामदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, DRI की ओर से जारी जानकारी में इस रकम का चुनाव से कोई सीधा संबंध नहीं बताया गया है. फिलहाल यह जांच का विषय है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई जा रही थी और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था.



Source link