Last Updated:
Chamba Car Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा-संघणी मार्ग पर कार हादसे में महिला टीचर की मौत हो गई, जबकि पति, दो बच्चे और भाभी घायल हो गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी बणी गांव, पंचायत सलूणी, टिकरू स्कूल में अध्यापिका थीं.
चंबा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
चंबा. हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में कार हादसे में महिला टीचर की मौत हो गई, जबकि, पति उसके दो बच्चे और भाभी हादसे में घायल हैं. चंबा-संघणी मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे शल्यूंड नाले के पास यह हादसा पेश आया है. हादसे में कार सवार 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति, छह वर्षीय बेटी, तीन वर्षीय बेटा और परिवार की एक अन्य महिला घायल हो गई. गंभीर रूप से घायल बेटे को मेडिकल कॉलेज चंबा से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार, पुनीता देवी निवासी बणी गांव, पंचायत सलूणी, टिकरू स्कूल में अध्यापिका थीं. उनके पति हरिंद्र कुमार (38) सलूणी कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात हैं. ये दोनों रविवार सुबह अपने गांव बणी से कार में सलूणी की ओर जा रहा था. इसी दौरान शल्यूंड नाले के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार गहरी खाई में जा गिरी.
अस्पताल पहुंचने पर अध्यापिका को मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सलूणी पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया. हादसे में उनके पति हरिंद्र कुमार, छह वर्षीय बेटी शानवी, तीन वर्षीय बेटे समर्थ और हरिंद्र की भाभी रेखा (56) पत्नी दौलत राम घायल हुए हैं.
पालमपुर के राजेश ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि सलूणी कार हादसे में बहुत ही होनहार अध्यापिका और डियूर विद्यालय से पढ़ी मेरी छात्रा पुनीता अब इस संसार में नहीं रही. वह हमेशा ही कलास में प्रथम स्थान पर रहती थी,. अभी 4 दिन पहले ही पुनीता सुंडला में रंगोत्सव के दिन मेरे कार्यालय में मिली थी. विश्वास नहीं हो रहा और लिखने में हाथ कांप रहे हैं. भगवान पुनीता को अपने पवित्र चरणों में स्थान दें.
गंभीर हालत में बेटे को टांडा किया रेफर
सिविल अस्पताल सलूणी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया. वहां समर्थ की हालत में सुधार नहीं होने पर रविवार दोपहर उसे कांगड़ा जिले के टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
क्रैश बैरियर होते तो खाई में गिरने से बच सकती थी कार
चंबा-संघणी मार्ग पर शल्यूंड नाले के पास रविवार सुबह हुए कार हादसे के बाद क्रैश बैरियर की कमी सामने आई है. दुर्घटना में महिला की जान जाने और परिवार के सदस्यों के घायल होने के बाद सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं. सलूणी पंचायत के प्रधान मदन मोहन शर्मा ने बताया कि चंबा-संघणी मार्ग के इस हिस्से में क्रैश बैरियर नहीं हैं. इस समस्या के बारे में पहले भी लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.