Last Updated:
बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर और एक्ट्रेस टेरेंस लुईस ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में सजी 103 साल पुरानी ‘श्री धार्मिक लीला कमेटी’ की रामलीला में अपनी खास प्रस्तुति से सबका दिल जीत लिया. उन्होंने मंच पर भक्ति गीत ‘जगदंबे रानी’ पर परफॉर्म कर वहां मौजूद हजारों दर्शकों को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया. इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी टेरेंस की आगामी फिल्म ‘आज का महिषासुर’ के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं.
‘आज का महिषासुर’ से एक्टिंग में डेब्यू कर रहे टेरेंस लुईस. (फोटो साभार: Instagram@terence_here)
नई दिल्ली. दिल्ली के लाल किले पर सजी 103 साल पुरानी ‘श्री धार्मिक लीला कमेटी’ की रामलीला का मंच इस बार बेहद खास रहा. मशहूर कोरियोग्राफर और एक्टर टेरेंस लुईस ने यहां भक्ति गीत ‘जगदंबे रानी’ पर शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया. इस खास मौके पर उनके साथ लोकप्रिय सिंगर-कंपोजर जोड़ी अमोल और अभिषेक भी मंच पर मौजूद थी. कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ स्टेज साझा करना टेरेंस के लिए एक बेहद यादगार और अद्भुत अनुभव रहा, जिसे उन्होंने खुले दिल से महसूस किया.
टेरेंस लुईस ने कहा, ‘लाल किले में 103 साल पुरानी श्री धार्मिक लीला कमेटी की रामलीला के दौरान परफॉर्म करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव था. कुछ पल ऐसे होते हैं, जब आपको महसूस होता है कि आप जो कर रहे हैं, वह सिर्फ एक परफॉर्मेंस से कहीं बढ़कर है. मेरे लिए यह भी ऐसा ही एक पल था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हजारों लोगों के सामने खड़े होकर एनर्जी महसूस करना और भक्ति गीत ‘जगदंबे रानी’ से लोगों को जुड़ते देखना मेरे लिए बेहद भावुक करने वाला था. एक परफॉर्मर के तौर पर ऐसे पल लंबे समय तक याद रहते हैं.’
दिल्ली में दर्शकों का प्यार मिला
टेरेंस लुईस ने कहा, ‘गुजरात में नवरात्रि के दो कार्यक्रमों के बाद दिल्ली आकर यहां के दर्शकों का प्यार और उत्साह देखना अच्छा अनुभव रहा. जब आप इतने बड़े जनसमूह के सामने ‘जगदंबे रानी’ जैसा गाना परफॉर्म करते हैं, तो लोगों के साथ एक खास जुड़ाव महसूस होता है. यह सिर्फ गाने या डांस करने के बारे में नहीं है, बल्कि उस भावना का हिस्सा बनने के बारे में है, जिसे इतने सारे लोग एक साथ महसूस करते हैं.’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता संग शेयर किया स्टेज
कोरियोग्राफर ने कहा, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ स्टेज शेयर करने से यह शाम मेरे लिए और भी यादगार बन गई. उन्होंने मेरी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और फिल्म ‘आज का महिषासुर’ की सफलता की कामना की. जब कोई अहम पद पर बैठा व्यक्ति आपके काम की तारीफ करता है और आपका साथ देता है, तो इससे पूरी टीम को मोटिवेशन और कॉन्फिडेंस मिलता है. मैं उनकी तरफ से मिले प्यार और प्रोत्साहन के लिए दिल से आभारी हूं.’
‘आज का महिषासुर’ में नजर आएंगे टेरेंस लुईस
टेरेंस ने कहा, ‘इस सफर का सबसे अच्छा हिस्सा संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अपनी फिल्म को लोगों तक पहुंचाने का मौका मिलना रहा है. ‘आज का महिषासुर’ ने दर्शकों से व्यक्तिगत और भावनात्मक रूप से जुड़ने का अवसर दिया है.’ धीरज कुमार के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘आज का महिषासुर’ को गौरांग भास्कर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में टेरेंस लुईस के अलावा पद्मिनी कोल्हापुरे, तिग्मांशु धूलिया, अभिमन्यु सिंह, नीरज सूद, खुशाली कुमार, हिमानी शिवपुरी और चंदन रॉय जैसे कलाकार नजर आएंगे.