Last Updated:
Boat Capsizes off California Coast: मेक्सिको के बाजा कैलिफोर्निया तट के बाद समंदर में नाव पलट गई. इस घटना के बाद से 11 लोग लापता हो गए हैं. जिन लोगों को बचाया गया है, उनके से 16 को गंभीर चोटें भी आई हैं.
मेक्सिको में नाव पलटने के बाद शार्क का हमला, 11 लापता. (रॉयटर्स)
मेक्सिको के बाजा कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में एक नौका पलटने से बड़ा हादसा हो गया. घटना के बाद से 11 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अमेरिकी और मेक्सिको की नौसेनाएं संयुक्त अभियान चला रही हैं. हादसे में जिन लोगों को बचाया गया है, उनमें से 16 लोगों में को गंभीर चोटें आई हैं. कुछ लोगों के शरीर पर शार्क के काटने से गंभीर जख्म हुए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
अमेरिकी तटरक्षक बल के मुताबिक समुद्र से 16 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था. बचाए गए लोगों ने अधिकारियों को बताया कि नौका पर कुल 27 लोग सवार थे, इनमें से 11 लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है. तटरक्षक बल ने बताया कि कुछ लोगों के शरीर पर शार्क के काटने जैसे घाव मिले हैं. बचाव दल ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उनकी जान बचाने के लिए जरूरी कदम उठाए. हालांकि शार्क के हमले की पूरी परिस्थितियों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है.
कई जहाज और विमान तलाश अभियान में जुटे
लापता लोगों को खोजने के लिए अमेरिकी तटरक्षक बल और नौसेना के जवान कई नौकाओं, हेलीकॉप्टरों और विमानों की मदद ले रहे हैं. मेक्सिको की नौसेना भी इस अभियान में सहयोग कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक तलाश अभियान में एक अतिरिक्त हेलीकॉप्टर भी शामिल किया जाना था. अमेरिकी तटरक्षक बल के पेटी ऑफिसर चार्ली वैलोर ने कहा कि संकट में फंसे लोगों की मदद करना जरूरी था, इसलिए बचाव के लिए उपलब्ध संसाधनों को तुरंत लगाया गया.
तस्करी के लिए इस्तेमाल होता है इलाका
अधिकारियों के मुताबिक नौका ऐसे समुद्री क्षेत्र में पलटी, जहां तस्करों की गतिविधियां अक्सर देखी जाती हैं. हालांकि यह हादसा अमेरिकी जलक्षेत्र में नहीं हुआ. यह इलाका मछली पकड़ने और समुद्री पर्यटन के लिए भी जाना जाता है. हालांकि अतीत में इसी क्षेत्र से लोगों को अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचाने की कोशिशों के दौरान जानलेवा हादसे हो चुके हैं. अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा एजेंसी मामले की जांच कर रही है और जीवित बचे लोगों से पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही लापता लोगों की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं.