Last Updated:
वाराणसी के रामनगर इलाके में काशी नरेश अनंत नारायण सिंह का गजराज बेकाबू हो गया है. यह हाथी रामनगर की रामलीला के लिए लाया गया था. अचानक से हाथी के बेकाबू होने पर बवाल मच गया. पुलिस फोर्स पहुंची हुई है. हाथी को काबू में करने की कोशिश की जा रही है.
वाराणसीः धर्म और संस्कृति की नगरी वाराणसी के रामनगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रामनगर की प्रसिद्ध रामलीला से जुड़ा एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया. हाथी ने अपने महावत को पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल महावत की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. यह पूरा मामला रामनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी मैदान का है. हाथी के अचानक बेकाबू होने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
महावत बुरी तरह से हुआ घायल
हाथी के उत्पात को देखते हुए स्थानीय लोगों और राहगीरों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है. जानकारी के मुताबिक, हाथी के बेकाबू होने और महावत को घायल करने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, हाथी के लगातार उत्पात मचाने के कारण मौके पर खतरा बना हुआ है. एहतियात के तौर पर लोगों को पंचवटी क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे. घटना के बाद हाईवे पर भीषण जाम लग गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ.
पुलिस ने लोगों से की घटनास्थल से दूर रहने की अपील
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई है. पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ही लोगों को घटनास्थल से दूर रखने में जुटे हैं. फिलहाल, बेकाबू हाथी को नियंत्रित करने की चुनौती बनी हुई है. प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में करना और किसी भी संभावित जनहानि को रोकना है. पुलिस ने पंचवटी मैदान और आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोग घटनास्थल से दूरी बनाए रखें तथा पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की. स्थिति सामान्य होने तक इस इलाके में अनावश्यक रूप से जाने से बचें.
भारी संख्या में पहुंची पुलिस
वहीं हाथी के पागल होने की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स भारी संख्या में पहुंच गई. बताया जा रहा है कि यह हाथी काशी नरेश अनंत नारायण सिंह का है. लोगों को पंचवटी क्षेत्र से दूर रहने को कहा गया है. महावत की हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि महावत अभी एक हफ्ते पहले ही इस हाथी से जुड़ा था. महावत को स्थानीय लोगों ने तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से नाजुक स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर में भेज दिया.
पुलिस ने रास्तों को किया बंद
वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने लंका पंचवटी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया. मौके पर भारी भीड़ को देखते हुए एसीपी कोतवाली विजय बहादुर सिंह भी पहुंच गए. वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए. अन्य महावत गन्ना देकर हाथी को शांत करते हुए दिखाई दिए. लेकिन दो घंटे के अथक प्रयास के बाद भी हाथी पर नियंत्रण नहीं हो सका.