Last Updated:
Bhilwara Panther Attack: भीलवाड़ा जिले के करेड़ा क्षेत्र में स्थित चिताम्बा आवरा माता मंदिर के पास पैंथर ने चलती बाइक पर हमला कर दिया, जिससे बाइक सवार नारायण लाल गुर्जर घायल हो गए. वन विभाग की जांच में पैंथर के बड़े पगमार्क के साथ शावकों के निशान भी मिले हैं, जिससे इलाके में मादा पैंथर की मौजूदगी की पुष्टि हुई है. जेसीबी के शोर से पैंथर के आक्रामक होने की आशंका जताई जा रही है. वन विभाग ने निर्माण कार्य रुकवाकर चेतावनी बोर्ड लगाए हैं, जबकि सहम ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की है.
भीलवाड़ा: भीलवाड़ा जिले के करेड़ा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से पैंथर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. क्षेत्र के चिताम्बा स्थित प्रसिद्ध आवरा माता मंदिर के पास पैंथर द्वारा एक बाइक सवार पर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
वन विभाग द्वारा की गई शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल पर पैंथर के बड़े पजनौ के निशान मिले हैं. इसके साथ ही वहां छोटे शावकों के पगमार्क भी देखे गए हैं. इससे साफ संकेत मिलता है कि क्षेत्र में एक मादा पैंथर अपने शावकों के साथ घूम रही है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.
बाइक सवार पर घात लगाकर किया हमला
भीलवाड़ा निवासी नारायण लाल गुर्जर अपनी बाइक से चितांबा से करेड़ा की तरफ जा रहे थे. जैसे ही वह आवरा माता मंदिर के पास पहुंचे, रास्ते में सड़क किनारे घात लगाकर बैठे पैंथर ने चलती बाइक पर अचानक छलांग लगा दी. इस अचानक हुए हमले से नारायण लाल खुद को संभाल नहीं पाए. हमले के दौरान उनके हाथ और पैर पर पैंथर के नाखूनों के गहरे निशान आए हैं. दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुए इस हमले के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है.
जेसीबी के शोर से आक्रामक हुई मादा पैंथर
घटना की जानकारी मिलते ही चिताम्बा वनपाल राधेश्याम पालीवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और पगमार्क का अध्ययन किया. अधिकारियों के अनुसार, पास में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन के तेज शोर और हलचल के कारण मादा पैंथर अपने शावकों की सुरक्षा को लेकर आक्रामक हो गई होगी. स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने एहतियातन जेसीबी से चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत रुकवा दिया है.
वन विभाग की अपील और एहतियाती कदम
मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर श्रद्धालुओं और राहगीरों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं. वन विभाग की विशेष टीम पैंथर और उसके शावकों की हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए है. वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर के आसपास विशेष सावधानी बरतें. सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचें और पैंथर या शावक दिखने पर उन्हें घेरने या छेड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचित करें. वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पिंजरा लगाने की मांग की है.