Last Updated:
शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे की आखिरी लोकेशन दिल्ली के आसपास मिली है. वहीं उसके करीबी गैंगस्टर ऋषभ राय को जिला बदर कर दिया गया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि बार-बार जगह बदलने में श्रद्धा दुबे की मदद उसका ड्राइवर कर रहा है.
शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे.
लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा दुबे की लोकेशन दिल्ली के पास मिली है. जबकि कुछ दिन पहले वह अपनी बहन और ड्राइवर के साथ नेपाल में घूम रही थी. इसके अलावा पुलिस ने श्रद्धा दुबे के करीबी बदमाश ऋषभ राय को छह महीने के लिए लखनऊ से जिला बदर कर दिया है. डीसीपी नॉर्थ की ओर से जिला बदर करने का आदेश जारी किया गया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक छुटभैये और नई उम्र के अपराधी श्रद्धा दुबे की मदद कर रहे हैं. श्रद्धा का ड्राईवर तनवीर अली उर्फ दानिश ठिकाने बदलने में अहम भूमिका निभा रहा है.
ऋषभ राय पर डेढ़ दर्जन मुकदमे
इस बीच पता चला है कि लखनऊ में अपने करीबियों के जरिए श्रद्धा सरेंडर की फ़िराक में है. बता दें कि कारोबारी शिवा शर्मा पर पूर्व में हुए जानलेवा हमले का मामला भी पहले ऋषभ राय पर दर्ज है. ऋषभ राय पर अलीगंज में एक लूट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं. शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे का करीबी बताया जाता है ऋषभ राय. श्रद्धा और ऋषभ राय की एक साथ फोटो भी वायरल है.
ऋषभ के खिलाफ शिवा की मां ने दर्ज कराई थी एफआईआर
ऋषभ राय का कारोबारी शिवा शर्मा को धमकाने का एक आडियो भी वायरल हुआ था. शिवा की मां ने ऋषभ राय के खिलाफ विभूतिखंड थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी. ये बात भी सामने आई है कि ऋषभ राय का नाम लेकर लोगों को श्रद्धा दुबे धमकाती थी. आपराधिक प्रवृत्ति के अभिषेक सिंह बाबू के साथ भी श्रद्धा दुबे की फोटो वायरल है. श्रद्धा दुबे अब तक लखनऊ पुलिस की पकड़ से दूर.
दिल्ली के पास मिली श्रद्धा दुबे की लोकेशन
श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्मि और ड्राईवर दानिश की लोकेशन दिल्ली के पास मिली है. इससे पहले नेपाल के बांके जिले में दिखी थी श्रद्धा दुबे. बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर से 10 अक्टूबर को नेपाल में दाखिल हुई थी श्रद्धा दुबे. श्रद्धा के कई मददगार भी पुलिस के रडार पर हैं. 9 अक्टूबर की रात श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हुई थी. इस मामले में श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्मि और उसके ड्राईवर दानिश पर हत्या की एफआईआर दर्ज हुई है. तीनों के खिलाफ़ गिरफ्तारी वारंट जारी है और 25 – 25 हज़ार रुपए का इनाम भी है.