भारी झुमकों से कानों में होता है दर्द? फेस्टिव सीजन में ये स्मार्ट ट्रिक्स आएंगी काम

भारी झुमकों से कानों में होता है दर्द? फेस्टिव सीजन में ये स्मार्ट ट्रिक्स आएंगी काम


अगर आप बिना ज्यादा मेहनत के अपने फेस्टिव आउटफिट में स्टाइल का तड़का लगाना चाहती हैं, तो स्टेटमेंट ईयररिंग्स एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं. बड़े झुमके, चांदबाली, डैंगलर्स और शोल्डर डस्टर्स जैसे ईयररिंग्स पूरे लुक को अट्रैक्टिव बनाते हैं. सेलिब्रिटीज भी ट्रेडिशनल से लेकर मॉडर्न आउटफिट्स के साथ बड़े और डिजाइनर ईयररिंग्स पहनती नजर आती हैं.

हालांकि, बड़े ईयररिंग्स पहनना सिर्फ उन्हें चुनने तक सीमित नहीं है. अगर नेकलाइन, हेयरस्टाइल और बाकी ज्वेलरी का सही तालमेल न हो, तो लुक जरूरत से ज्यादा भरा हुआ लग सकता है. वहीं भारी ईयररिंग्स लंबे समय तक पहनने पर कानों में खिंचाव या दर्द भी पैदा कर सकते हैं. ऐसे में सही स्टाइलिंग के साथ उन्हें आरामदायक तरीके से पहनना भी जरूरी है. ऐसे में भारी ईयररिंग्स पहनते समय इन आसान टिप्स को याद रखना बहुत मददगार साबित हो सकते हैं.

भारी ईयररिंग्स को ऐसे बनाएं आरामदायक
कनोती का इस्तेमाल करें: यह एक तरह का सपोर्ट होता है, जिसे ईयररिंग से जोड़कर बालों से अटैच किया जाता है. इससे कान के लोब पर पड़ने वाला भार कम हो सकता है.

ईयर-लिफ्ट ट्राई करें: यह एक एडहेसिव सपोर्ट पैच होता है, जिसे कान के पीछे लगाया जाता है. इससे भारी ईयररिंग्स को अतिरिक्त सहारा मिल सकता है और वे नीचे की ओर कम झुकते हैं.

बैंडेज का छोटा टुकड़ा लगाएं: जरूरत पड़ने पर कान के पीछे छोटा सा एडहेसिव बैंडेज लगाकर ईयररिंग पहन सकती हैं. इससे क्लैप को अतिरिक्त पकड़ मिल सकती है और खिंचाव कुछ कम हो सकता है.

हल्के स्टेटमेंट ईयररिंग्स चुनें: बड़े दिखने वाले लेकिन हल्के ईयररिंग्स खरीदें. खोखली डिजाइन या हल्की सामग्री वाले विकल्प लंबे समय तक पहनने में ज्यादा आरामदायक हो सकते हैं.

बड़े ईयररिंग बैकिंग चुनें: भारी ईयररिंग्स के लिए चौड़े या फ्लैट बैकिंग इस्तेमाल करें. ये वजन को कान के लोब पर ज्यादा समान रूप से बांटने में मदद करते हैं.

हैवी ईयरिंग्स को ऐसे करें स्टाइल 

बड़े ईयररिंग्स पहनते समय स्ट्रैपलेस, ऑफ-शोल्डर, हॉल्टर या डीप-बैक नेकलाइन वाले आउटफिट अच्छे लगते हैं. हाई नेक या चोकर के साथ बड़े झुमके पहनने से चेहरा और नेक एरिया ज्यादा भरा हुआ दिख सकता है.

स्टेटमेंट ईयररिंग्स को उभारने के लिए बालों को स्लीक बन, साइड ब्रेड या एक तरफ वेव्स में स्टाइल कर सकती हैं. कोशिश करें कि बाल कानों को पूरी तरह न ढकें.

जुमके चेहरे के आसपास वॉल्यूम बढ़ाते हैं, जबकि चांदबाली चेहरे को लंबा और स्ट्रक्चर्ड लुक देती हैं. डैंगलर्स और कड़े जैसे ईयररिंग्स चलने या फोटो खिंचवाने के दौरान खूबसूरत मूवमेंट देते हैं.

जब ईयररिंग्स बड़े और आकर्षक हों, तो बाकी ज्वेलरी को मिनिमल रखना बेहतर है. छोटी बिंदी या हल्की मांग टीका चेहरे और ईयररिंग्स के बीच अच्छा बैलेंस बना सकता है.



Source link