Last Updated:
योगी सरकार ने रसोईयो के मानदेय में तीन गुणा बढ़ोत्तरी कर दी है. रसोईयो को बीते सितंबर माह से अब 1 हजार की जगह 3 हजार रूपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा. इसमें केंद्र 1 हजार और योगी सरकार 2 हजार समेत कुल 3 हजार प्रतिमाह का मानदेय देगी.
लखनऊः उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मिड-डे मील योजना के तहत काम करने वाले रसोइयों को बड़ी सौगात दी है. प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए इसे ₹1000 से बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है.बढ़ा हुआ मानदेय बीते सितंबर 2026 से देय होगा, जिसका भुगतान इसी अक्टूबर माह में किया जाएगा. जिससे प्रदेश के करीब 3.54 लाख रसोईयो को एक बड़ा लाभ मिलेगा.
केंद्र और राज्य सरकार मिलकर देंगी मानदेय
मिड-डे मील योजना के तहत काम करने वाले करीब 3.54 लाख रसोइयों को अबतक सिर्फ 1 हजार रूपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था. लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत रसोइयों को केंद्र सरकार की ओर से 1 हजार रूपये और योगी सरकार की ओर से 2 हजार रूपये समेत कुल 3 हजार रूपये प्रतिमाह मानदेय दिया जायेगा. हालांकि, यह भुगतान वर्ष में 10 महीने के लिए किया जाएगा.
सभी जिलों को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेम रंजन सिंह ने इस संबंध में UP के सभी जिलों के सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं. जिसमें सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और वित्त एवं लेखाधिकारियों को रसोइयों के खातों में बढ़ा हुआ मानदेय समय से भेजने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
शासनादेश के अनुपालन में लापरवाही ना करने की दी गई हिदायत
CM योगी के निर्देश पर जारी किये गए शासनदेश में ये स्पष्ट किया गया है कि यह बेहट महत्वपूर्ण निर्णय है. इसलिए शासन के आदेश के अनुपालन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए. इस फैसले से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले करीब 3.54 लाख रसोइयों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.