Last Updated:
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने मधेपुरा में खुर्दा महोत्सव के उद्घाटन के दौरान बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि लड़कियों के साथ छेड़खानी करने वालों के हाथ काटकर लाने वाले को दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. महिला सुरक्षा पर दिया गया उनका यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है.
महिला सुरक्षा पर बड़ा ऐलान करते सासंद पप्पू यादव
मधेपुरा: मधेपुरा जिले के ईसराइन खुर्द पंचायत स्थित खुर्दा करुवैली गांव में दुर्गा पूजा के अवसर पर ‘खुर्दा महोत्सव’ की शुरुआत हुई. इसका उद्घाटन पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद उन्होंने मेले के विभिन्न स्टॉलों और दुकानों का फीता काटा.
छेड़खानी पर विवादित बयान
महोत्सव के उद्घाटन के दौरान सांसद पप्पू यादव ने बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि लड़कियों के साथ छेड़खानी करने वालों के हाथ काटकर लाने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. सांसद ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि कार्रवाई कानून के तहत ही होनी चाहिए.
25 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
यह महोत्सव 17 से 25 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है. इसमें खेल और मनोरंजन के कई कार्यक्रम होंगे। 18 और 19 अक्टूबर को राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. वहीं, 20 और 21 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय पहलवानों के बीच कुश्ती दंगल होगा. इसके अलावा, 22 और 23 अक्टूबर को मुंबई के कलाकारों और भोजपुरी सितारों की रंगारंग प्रस्तुति होगी. मेले में राम झूला, मौत का कुआं और सर्कस जैसे कई आकर्षण लोगों के लिए मौजूद हैं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उत्तर बिहार से आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मेला परिसर में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. पूरे परिसर पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है. लोगों की सुविधा के लिए मेले में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है, जहां लोगों को दवाइयां दी जा रही हैं.