Last Updated:
इमरान खान को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने को कहा गया है, क्योंकि वे विदेशी नागरिक होने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए. एक्टर को जब से देश छोड़ने का निर्देश मिला है, तब से उन्हें नेताओं और अभिनेताओं के भी विरोध का सामना करना पड़ रहा है. अब एक्टर ने ‘भारत छोड़ो’ नोटिस के खिलाफ कोर्ट का रुख किया है. एक्टर ने आंदोलन में शामिल होने की वजह भी बताई थी.
इमरान खान के पास भारत की नागरिकता नहीं है.
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने का निर्देश देने के बाद ‘फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस’ ने ‘सो कॉस नोटिस’ जारी किया है. एक्टर से पूछा गया है कि क्यों न उनका ओसीआई कार्ड कैंसल किया जाए. उनसे 15 दिनों के अंदर नोटिस पर जवाब मांगा गया है. एक्टर ने अब ‘भारत छोड़ो’ नोटिस के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है.
एक्टर के नाम ‘भारत छोड़ो’ नोटिस तब जारी किया गया, जब उन्होंने 10 अक्टूबर को सीजेपी के एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया. इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी. इसके बाद, पुलिस ने आरोप लगाया कि उन्होंने ‘फॉरेनर्स एक्ट’ का उल्लंघन किया है, क्योंकि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं. इसके बाद, ‘फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस’ (FRRO) ने इमरान खान को ‘भारत छोड़ो’ नोटिस जारी किया और उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए कहा. ‘बार एंड बेंच’ की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में इस आदेश को चुनौती दी है. फिलहाल, याचिका के आधार और नोटिस जारी होने से जुड़े हालात पर जानकारी आनी बाकी है.
आंदोलन में शामिल होने पर दी सफाई
इमरान खान को 10 अक्टूबर को मुंबई में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में हिरासत में लिया गया था. हिरासत में लिए जाने के बाद एक्टर ने इंस्टाग्राम पर पुलिस वैन के अंदर की एक तस्वीर शेयर की और लिखा, ‘लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं.’ इमरान खान की गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन ने भी एक स्टोरी शेयर की और लिखा, ‘रोमांस हो तो ऐसा.’ एक्टर ने विरोध में शामिल होने पर सफाई दी कि वे किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के तौर पर नहीं, बल्कि एक निजी हैसियत से इसमें शामिल हुए थे. उन्होंने मौके पर मौजूद पत्रकारों से कहा, ‘मेरे पास लोगों से कुछ भी मांगने का कोई अधिकार या हैसियत नहीं है. न ही मैं किसी संगठन का हिस्सा हूं, इसलिए मैं किसी प्रतिनिधि के तौर पर नहीं बोल रहा हूं.’
भारतीय पासपोर्ट पाने की कोशिश की थी
इमरान खान ने बताया कि उन्होंने भारतीय पासपोर्ट पाने की कोशिश की थी. उन्होंने पहले एक इंटरव्यू में ‘इंडिया टुडे’ से कहा था,’मैं भारतीय पासपोर्ट पाने की कोशिश कर रहा हूं. प्रोसेस चल रहा है. मुझे उम्मीद है कि मुझे यह जल्द ही मिल जाएगा, क्योंकि कुछ बड़ी चीजें होने वाली हैं. मुझे लगता है कि अपने देश की सेवा करना मेरा कर्तव्य है. मैं यहां वोट नहीं दे सकता क्योंकि मैं नागरिक नहीं हूं, लेकिन मैं लोगों को वोट देने की अहमियत के बारे में जागरूक करके चुनावों में हिस्सा लेता हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि मैं इस देश का ही एक हिस्सा हूं.’