Last Updated:
Adan Airport hit by Missile-Drones: यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब समर्थित सरकार के बीच चल रहा संघर्ष बढ़ रहा है. पहले तो हूतियों ने राष्ट्रपति भवन की ओर मिसाइलें छोड़ी थीं और अब अदन एयरपोर्ट की ओर हमला किया है.
हूतियों ने किया अदन एयरपोर्ट पर हमला. (आईएएनएस)
Saudi Arabia-Houthi attack: यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में हूतियों ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक दो मिसाइलें एयरपोर्ट परिसर के भीतर गिरीं. शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है.
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक एक स्थानीय सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि तीसरी मिसाइल पश्चिमी अदन के अल-बुरैका इलाके में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के मुख्यालय के पास स्थित सैन्य ठिकाने पर गिरी. हमले के दौरान शहर में तीन जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी. इसके बाद कई एंबुलेंस को इन इलाकों की ओर जाते देखा गया.
बद्र सैन्य शिविर को निशाना बनाने का दावा
हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले अल-मसीरा टीवी ने समूह के एक सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि हमले का लक्ष्य अदन एयरपोर्ट के पास स्थित बद्र सैन्य शिविर था. हूतियों के मुताबिक वहां सऊदी सेना का मुख्यालय और हथियारों का भंडार मौजूद है. इससे एक दिन पहले अदन में राष्ट्रपति महल परिसर अल-माशिक पर भी मिसाइल हमला हुआ था. यमन सरकार के मुताबिक उस हमले में पांच लोगों की मौत हुई और 16 अन्य घायल हो गए. हूतियों ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि उन्होंने परिसर में मौजूद सऊदी सैन्य अभियान मुख्यालय को निशाना बनाया था.
सऊदी सेना ने कई हमले नाकाम करने का किया दावा
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने शुक्रवार को बताया कि सेना ने दक्षिणी सऊदी अरब और राजधानी रियाद के ऊपर उड़ रहे तीन ड्रोन नष्ट कर दिए. पूर्वी प्रांत की ओर भेजे गए एक अन्य ड्रोन को भी मार गिराया गया. उनके मुताबिक लाल सागर के ऊपर दो क्रूज मिसाइलों को नष्ट किया गया. इसके अलावा लाल सागर के तट पर स्थित सऊदी शहर यानबू की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी बीच रास्ते में रोक दिया गया. गठबंधन सेना ने दावा किया कि एक अक्टूबर से रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हूती हमलों में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है और 330 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
ईरान ने मध्यस्थता की पेशकश की
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने शुक्रवार को कहा कि यदि दोनों पक्ष तैयार हों, तो ईरान सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच विवाद सुलझाने में मदद कर सकता है. उन्होंने हूती अभियानों में ईरान की भूमिका होने के आरोपों को भी खारिज किया.