Burj Khalifa in Gurugram : गुरुग्राम में बनेगी सबसे ऊंची इमारत, बुर्ज खलीफा से बस 100 मीटर कम

Burj Khalifa in Gurugram : गुरुग्राम में बनेगी सबसे ऊंची इमारत, बुर्ज खलीफा से बस 100 मीटर कम


नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर का शहर गुरुग्राम सिर्फ कारोबारी लिहाज से ही नहीं, इन्फ्रा में भी दुबई के साथ दौड़ लगा रहा है. अभी तक महंगे और लग्जरी प्रॉपर्टी के लिए मशहूर गुरुग्राम में अब देश की सबसे ऊंची इमारत बनाने की तैयारी है. शहर की ग्लोबल सिटी में 620 से 700 मीटर ऊंची बिल्डिंग बनाने का प्रोजेक्ट है, जो 6.7 एकड़ जमीन पर फैला होगा. यह इमारत दुबई की बुर्ज खलीफा से महज 100 सवा 100 मीटर छोटी है.

द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बन ही 1,000 एकड़ की ग्लोबल सिटी में कई बड़े इन्फ्रा प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं. इसमें से एक प्रोजेक्ट देश की सबसे ऊंची बिल्डिंग बनाने का भी है. इस बिल्डिंग की ऊंचाई करीब 700 मीटर के आसपास है, जबकि बुर्ज खलीफा की ऊंचाई 828 मीटर है. इस लिहाज से गुरुग्राम की यह बिल्डिंग बुर्ज खलीफा से महज 128 मीटर कम है. यह प्रोजेक्ट द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ-साथ गुरुग्राम के सेक्टर 36, 36B, 37 और 37B में बनाया जा रहा है.

मुंबई में है अभी सबसे ऊंची इमारत
गुरुग्राम में बनने वाली यह इमारत देश में सबसे ऊंची होगी. मुंबई की रॉयल पैलेस इमारत की ऊंचाई 320 मीटर है और यह फिलहाल देश की सबसे ऊंची इमारत है. अब गुरुग्राम में इससे दोगुनी से भी ज्यादा ऊंची इमारत बनाई जाएगी. नोएडा में भी सुपरनोवा नाम से एक इमारत है, जिसकी ऊंचाई करीब 300 मीटर के आसपास है. गुरुग्राम में बनने वाली इमारत सिर्फ ऊंची ही नहीं, काफी लग्जरी भी होगी. इसमें प्रीमियम घर, कंपनियों के मुख्यालय, होटल और शॉपिंग सेंटर भी शामिल होंगे. इस बड़ी योजना का मुख्य उद्देश्य वैश्विक निवेश आकर्षित करना और शहर को विश्व स्तरीय व्यापार केंद्र में बदलना है.

5 लाख की भीड़ संभालने की क्षमता
गुरुग्राम में बनने वाली सबसे ऊंची इमारत का डिजाइन भी कमाल का है. इस इमारत में रोजाना 5.2 लाख विजिटर्स को संभालने की क्षमता होगी. इसमें दुकान, ऑफिस और शॉपिंग कॉम्पलेक्स भी होंगे. हरियाणा विकास प्राधिरकण ने जल्द ही इसके लिए भूमि अधिग्रहण शुरू करने का ऐलान किया है, जिसे प्राइवेट बिल्डर को प्रोजेक्ट बनाने के लिए दिया जाएगा. इस शहर का डिजाइन सिंगापुर, टोक्यो और दुबई की तर्ज पर बनाया जा रहा है.

10 लाख करोड़ का निवेश
इस इमारत को बनाने की लागत भले ही 15 हजार करोड़ के आसपास बताई जा रही है, लेकिन यहां ट्रेड पार्क विकसित होने के बाद करीब 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना है. इससे करीब 5 लाख नौकरियां पैदा होंगी. गुरुग्राम में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी से एयरपोर्ट और अन्य जरूरी सुविधाएं 15 मिनट की दूरी पर होंगी. यहां सभी केबल और तारों को जमीन के नीचे ही लगाया जागा, ताकि शहर को साफ सुधरा रखने में मदद मिल सके. शहर के नीचे 10.50 किलोमीटर की एक टनल भी बनाई जाएगी.

15 साल में तैयार होगा प्रोजेक्ट
इस मास्टर प्लान को तैयार करने में करीब 15 साल का समय लग जाएगा. इसकी सबसे खास बात हरियाली है, जो कुल जमीन की 56 फीसदी हिस्से में होगी. इसमें पेड़ लगेंगे और पार्क बनाए जाएंगे. सभी छतों पर सोलर एनर्जी, स्मार्ट मीटर और एक बड़ी सी साफ पानी की झील भी बनाई जाएगी, ताकि पूरे शहर को साफ-सुधरा रखा जा सके. गर्मियों में इस शहर का तापमान दूसरी जगहों से 5 डिग्री कम रहेगा. इससे पूरे इलाके की मार्केट वैल्यू बढ़ेगी और यहां 200 से ज्यादा विदेशी कंपनियों के निवेश करने का मौका बनेगा.



Source link