रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की महारैली, दिल्ली पुलिस ने दी हरी झंडी
Last Updated:
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस पार्टी को रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली रैली के लिए ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) जारी कर दिया है. सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पार्टी ने मैदान की बुकिंग के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक की तारीखें मांगी थीं. हाल ही में गृह मंत्रालय ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों पर रोक लगाते हुए रामलीला मैदान समेत तीन स्थानों को प्रदर्शन स्थल घोषित किया है.
जंतर-मंतर पर रोक के बाद कांग्रेस को रामलीला मैदान में मिली रैली की NOC. (PTI Photo)
नई दिल्ली: रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित रैली का रास्ता अब साफ हो गया है. दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को इस रैली के आयोजन के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया है. सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने इस बात की पुष्टि की है. यह रैली 1 नवंबर को आयोजित की जानी है. इसके लिए रामलीला मैदान की बुकिंग 25 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक की गई है. हाल ही में गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली में प्रदर्शन स्थलों को लेकर नया नियम लागू किया गया है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पर रोक लगने के बाद रामलीला मैदान को नए निर्धारित स्थलों में शामिल किया गया है.
दिल्ली पुलिस और कांग्रेस प्रतिनिधियों के बीच क्या बातचीत हुई?
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि रामलीला मैदान, सीबीडी ग्राउंड और बुराड़ी ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है. कांग्रेस पार्टी ने कार्यक्रम की उपलब्धता जांचने के लिए सबसे पहले एमसीडी (MCD) से संपर्क किया था. एमसीडी ने बताया कि यह मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा. यह उपलब्धता प्रमाणपत्र मिलने के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था.
MCD के बाद दिल्ली पुलिस से भी कांग्रेस को राहत, रामलीला मैदान में रैली का रास्ता हुआ साफ. (PTI Photo)
डीसीपी ने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की सभी आवश्यकताओं को गहराई से समझा गया. इन सभी पहलुओं पर संतुष्ट होने के बाद पुलिस ने नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी करने का फैसला लिया.
NOC मिलने के बाद रैली की तैयारियों की क्या प्रक्रिया होगी?
दिल्ली पुलिस से NOC मिलने के बाद कांग्रेस पार्टी इस प्रमाणपत्र को जमीन की मालिक एजेंसी, यानी एमसीडी के पास वापस ले जाएगी. एमसीडी की अंतिम मंजूरी के साथ ही रैली से जुड़ी बुनियादी तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी. पुलिस का कहना है कि रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक के सुचारु प्रबंधन के लिए आयोजकों, ट्रैफिक पुलिस और संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है ताकि शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न हो सके.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login