Last Updated:
Special Train : दिवाली में घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत दी है. दिल्ली और वाराणसी के बीच आरक्षित विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही है. यह ट्रेन लखनऊ और अयोध्या कैंट होकर गुजरेगी. जानिए ट्रेन का शेड्यूल, स्टेशनों पर पहुंचने का समय और वापसी की पूरी जानकारी.
दिल्ली वाराणसी स्पेशल ट्रेन.
लखनऊ : अगर आप घर जाने की सोच रहे हैं तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे दिल्ली और वाराणसी के बीच आरक्षित विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चला रहा है. यह ट्रेन लखनऊ और अयोध्या कैंट होकर गुजरेगी.
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 04032 दिल्ली-वाराणसी स्पेशल एक्सप्रेस 17 अक्टूबर को एक फेरे के लिए चलेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04031 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस 18 अक्टूबर को संचालित होगी. इसके अलावा, दिल्ली से रात्रि 21:10 बजे चलकर नई दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर व हरदोई होते हुए लखनऊ स्टेशन पर सुबह साढ़े 6 बजे आगमन व 06:40 बजे प्रस्थान करेगी.
इसके बाद ट्रेन अयोध्या कैंट स्टेशन पर प्रातः 09:40 बजे आगमन व 09:45 बजे प्रस्थान कर जौनपुर जंक्शन पर दोपहर 13:10 बजे आगमन व 13:12 बजे प्रस्थान करके दोपहर 15:00 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी. वहीं, 02:20 बजे चलकर हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़, गाजियाबाद व नई दिल्ली होते हुए प्रातः 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी. विशेष ट्रेन में सामान्य, स्लीपर व वातानुकूलित सहित कुल 20 कोच होंगे.
वापसी में 18 अक्टूबर को वाराणसी जंक्शन से रात्रि 20:15 बजे चलेगी. यह ट्रेन जौनपुर जंक्शन पर रात्रि 21:18 बजे आगमन एवं 21:20 बजे प्रस्थान करेगी. अयोध्या कैंट स्टेशन पर रात्रि 23:40 बजे आगमन व 23:45 बजे प्रस्थान कर लखनऊ स्टेशन पर अगले दिन रात्रि 02:10 बजे पहुंचेगी. वहीं, यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त दबाव को कम करने के उद्देश्य से नई दिल्ली और हावड़ा के बीच आरक्षित त्योहार सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन संख्या 04070/04069 चलाने का निर्णय लिया गया है. इस बात की आधिकारिक जानकारी आसनसोल रेल मंडल के पीआरओ ने दी.