गुजरात की फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 4 की मौत, 15 KM तक सुनाई दी आवाज
Last Updated:
Bharuch Factory Blast: गुजरात के भरूच जिले में एक फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट की वजह से व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य के घायल होने की सूचना है. बताया जा रहा है कि केमिकल वाला धुआं फैल गया, जिससे दम घुटने लगा.
फैक्ट्री में ब्लास्ट से 4 लोगों की मौत हो गई. (फाइल फोटो/PTI)
Bharuch Factory Blast: गुजरात से बड़ी खबर सामने आ रही है. गुजरात के भरूच जिले के सायखा जीआईडीसी (GIDC) स्थित एक औद्योगिक इकाई में बॉयलर में विस्फोट होने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में केमिकलयुक्त धुआं फैलने से लोगों में चिंता का माहौल पैदा हो गया. बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज 15 किलोमीटर के दायरे में सुनी गई.
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, कंपनी में हाइड्रोजन केमिकल की प्रक्रिया के दौरान बॉयलर में विस्फोट हुआ. धमाका इतना गंभीर था कि इसके बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू करना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए. हादसे में घायल हुए तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. फिलहाल घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
बॉयलर फटने की दूसरी घटना
बताया जा रहा है कि सायखा जीआईडीसी में बॉयलर ब्लास्ट की यह दूसरी घटना है. औद्योगिक क्षेत्र में लगातार इस तरह के हादसे होने से औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है. मामले की छानबीन की जा रही है. जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और सुरक्षा में संभावित चूक के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
15 किलोमीटर तक सुनी गई धमाके की आवाज
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंडस्ट्रियल हब भरूच जिले के वागरा तालुका की सायखा GIDC में महज एक साल पहले शुरू हुई फार्मा कंपनी में हुए भीषण धमाके ने पूरे जिले को दहला दिया. सायखा की सिनजील फार्माकेम में उत्पादन प्रक्रिया के दौरान तेज धमाका हुआ. कंपनी में हाइड्रोजिनेशन प्रक्रिया के समय 15kl क्षमता का रिएक्टर फटने से भारी तबाही मची है. धमाका इतना प्रचंड था कि आसपास के 15 किलोमीटर के दायरे में इसकी आवाज सुनाई दी. इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ के एक अधिकारी बताया कि इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.