Last Updated:
NH 80 Toll Tax New Rate: बिहार के लखीसराय में बालगुदर टोल प्लाजा पर एनएच-80 के लिए इस साल तीसरी बार टोल टैक्स बढ़ा दिया गया है. 70 किलोमीटर के इस सफर में कार का एक तरफ का शुल्क 60 रुपये से बढ़कर 65 रुपये हो गया है, जिससे वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.
लखीसराय: देश में सड़क मार्ग से सफर करने वालों के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी लगातार व्यवस्था को अपग्रेड करने का दावा कर रहे हैं. इस दौरान एनएचएआई टोल का रेट भी बढ़ाया जा रहा है. लेकिन जब आप बिहार के लखीसराय में NH 80 पर यात्रा करेंगे तो अब आपको तीसरी बार बढ़ें हुए टॉल टैक्स देकर गुजरना होगा. बता दें कि यह टॉल प्लाजा लखीसराय, पटना मोकामा, शेखपुरा, जमुई, मुंगेर आदि जिलों को जोड़ने का काम करती है. लेकिन इन दिनों बालगुदर टोल प्लाजा साल में बढें तीसरी बार टॉल रेट को लेकर चर्चा में है. बता दें कि NH-80 पर स्थित बालगुदर टोल प्लाजा करीब 70 किलोमीटर की यात्रा के लिए लिए जाते हैं. हालांकि इस NH पर कई जगह सड़क सिंगल है, कुछ पुलों की स्थिति खराब है और जाम की समस्या भी वाहन चालकों को परेशान करती है. इसके बावजूद कार से लेकर भारी वाहनों तक सभी श्रेणियों के टोल में बढ़ोतरी हुई है.
कार का शुल्क ₹60 से बढ़कर ₹65
बालगुदर टोल प्लाजा के स्टाफ ने लोकल 18 से बताया पहले कार और हल्के वाहनों के लिए सिंगल जर्नी का शुल्क ₹60 था, जो अब बढ़कर ₹65 हो गया है. वहीं अन्य वाहन श्रेणियों के शुल्क में भी भारी बढ़ोतरी की गई है. टोल प्लाजा पर कुल सात प्रकार की वाहन श्रेणियों के आधार पर शुल्क लिया जाता है. टोल प्लाजा से जुड़े नितिन कुमार ने बताया कि इस साल टोल दरों में तीसरी बार बढ़ोतरी हुई है. उनके मुताबिक कार का शुल्क अब ₹65 हो गया है, जबकि यूपीआई भुगतान के हिसाब से शुल्क करीब ₹81.25 तक पहुंच रहा है. हालांकि, टोल प्लाजा पर नई दरों का बोर्ड अभी तक नहीं लगाया गया है और मौके पर पुरानी दरें ही दिखाई दे रही हैं.
70 KM के सफर में सड़क की हालत भी सवालों में
बालगुदर टोल प्लाजा जिस NH-80 पर स्थित है, उसका यह हिस्सा करीब 70 किलोमीटर का है. इस रास्ते से लखीसराय के अलावा मुंगेर प्रमंडल के कई जिलों की आवाजाही होती है. यह सड़क पटना को भी इन इलाकों से जोड़ती है, इसलिए रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं.
वाहन चालकों की परेशानी सिर्फ टोल बढ़ने तक सीमित नहीं है. इस मार्ग के कई हिस्सों में सड़क सिंगल है. जगह-जगह पुलों की स्थिति भी खराब बताई जा रही है. कई स्थानों पर सड़क की क्षमता और वाहनों के दबाव के कारण जाम की स्थिति बनती रहती है.
टोल के बदले सुविधाओं पर भी सवाल
टोल टैक्स में लगातार बढ़ोतरी के बीच टोल प्लाजा और सड़क पर मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. मौके पर क्रेन की सुविधा तो दिखाई देती है, लेकिन एंबुलेंस या वाहन चालकों के लिए अन्य जरूरी आपातकालीन सुविधाएं नजर नहीं आतीं.
सभी वाहन श्रेणियों पर पड़ेगा असर
बालगुदर टोल प्लाजा के बोर्ड पर सात श्रेणियों के वाहनों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित हैं. इनमें कार से लेकर हल्के वाणिज्यिक वाहन, बस और ट्रक जैसे भारी वाहन शामिल हैं. नई दर लागू होने के बाद सभी श्रेणियों के वाहन चालकों को पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा. यानी लखीसराय के रास्ते NH-80 से गुजरने वाले लोगों के लिए सफर अब सिर्फ सड़क की स्थिति और जाम की वजह से चुनौतीपूर्ण नहीं होगा, बल्कि बढ़ा हुआ टोल भी जेब पर अतिरिक्त बोझ डालेगा.