UP Home Guard Recruitment Medical Scam: नाक-आंख में खोट बताकर वसूलते थे 50 हजार, यूपी होमगार्ड भर्ती में मेडिकल फर्जीवाड़े का पर्दाफाश

UP Home Guard Recruitment Medical Scam: नाक-आंख में खोट बताकर वसूलते थे 50 हजार, यूपी होमगार्ड भर्ती में मेडिकल फर्जीवाड़े का पर्दाफाश


Last Updated:

UP Home Guard Recruitment Medical Scam: यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के मेडिकल में पास कराने के नाम पर 50 हजार तक की वसूली का मामला सामने आया है. इसमें अभ्यर्थियों की नाक और आंख में कमी बताकर पैसे ऐंठे जा रहे थे. अभ्यर्थियों के हंगामे के बाद पुलिस ने 2 डॉक्टर और 1 ड्राइवर को हिरासत में लिया है. वहीं, मेडिकल परीक्षा रद्द कर दी गई है.

Zoom

UP Home Guard Recruitment: यूपी होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा पकड़ा गया है

नई दिल्ली (UP Home Guard Job Scam). उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान मेडिकल टेस्ट के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस लाइन में चल रही भर्ती प्रक्रिया में 15 अक्टूबर को अभ्यर्थियों ने डॉक्टरों और उनके सहयोगियों पर मेडिकल में पास कराने के एवज में अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया. नाराज अभ्यर्थियों ने डॉक्टर की कार में बैठे युवक को दबोचकर उसकी जमकर पिटाई की. हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.

हिंदुस्तान में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऑनलाइन और नकद लेनदेन के पुख्ता सबूत मिलने के बाद हड़कंप मच गया. होमगार्ड कमांडेंट के अधिकारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. पैनल के 2 डॉक्टर समेत 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस घटना ने सरकारी नौकरी की चयन प्रक्रिया में ट्रांसपेरेंसी और मेडिकल बोर्ड के सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. जानिए यूपी होमगार्ड भर्ती के मेडिकल स्कैम से जुड़ी हर जरूरी बात.

होमगार्ड भर्ती मेडिकल घोटाला: नाक-आंख के नाम पर वसूली की कहानी

यूपी पुलिस लाइन में होमगार्ड भर्ती के पहले दिन 200 अभ्यर्थियों को मेडिकल के लिए बुलाया गया था. सीएमओ की तरफ से गठित 3 सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल- डॉ. प्रवीण, डॉ. महेश द्विवेदी और डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत- पर आरोप है कि उन्होंने स्वस्थ अभ्यर्थियों को भी नाक टेढ़ी या आंख में खराबी जैसी छोटी-मोटी कमियां बताकर अनफिट करना शुरू कर दिया. अभ्यर्थियों का आरोप है कि नाक की समस्या के नाम पर 10 से 15 हजार और आंख की दिक्कत बताकर 50 हजार रुपये तक की अवैध मांग की जा रही थी.

रंगे हाथ पकड़ा गया दलाल, अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा

रात करीब 8 बजे यूपी होमगार्ड मेडिकल परीक्षण में धांधली की बात खुली तो अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि एक डॉक्टर की कार में मौजूद अजीत नाम का युवक मेडिकल पास कराने के लिए पैसे ले रहा था. अभ्यर्थियों ने उसे घेर लिया और कार के पास ही उसकी जमकर पिटाई कर दी. बाद में पुलिस ने सख्ती से जांच की तो आरोपियों के बैंक खातों में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर होने के पुख्ता सबूत हाथ लगे. इसके बाद डॉक्टरों यह क्लियर हो गया कि डॉक्टर भी इसमें शामिल थे.

दो डॉक्टर और ड्राइवर हिरासत में, दो आरोपी फरार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली अमित पांडेय और एसीपी कर्नलगंज अंजना दहिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. महेश द्विवेदी और उनके ड्राइवर अजीत को हिरासत में ले लिया है. हालांकि, इस खेल में शामिल कुछ अन्य लोग अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है. पुलिस खंगाल रही है कि इस वसूली रैकेट में और कौन-कौन से लोग पर्दे के पीछे शामिल थे.

मेडिकल परीक्षा रद्द, अब नए सिरे से तय होगी तारीख

इस हंगामे और भ्रष्टाचार के खुलासे के बाद होमगार्ड कमांडेंट प्रीति शर्मा ने कड़ा कदम उठाते हुए फिलहाल उस दिन का पूरा मेडिकल प्रोसेस रद्द कर दिया है. कमांडेंट ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही होमगार्ड भर्ती की मेडिकल परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा. इससे किसी भी ईमानदार और योग्य अभ्यर्थी के साथ अन्याय होने से बचाया जा सकेगा. प्रशासन अब पूरी भर्ती प्रक्रिया की निगरानी और सुरक्षा को अधिक कठोर करने की तैयारी में जुट गया है.

भर्तियों में ट्रांसपेरेंसी के दावों को झटका

इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और चयन बोर्ड की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं. जब रक्षक और डॉक्टर ही खाकी और नौकरी के नाम पर युवाओं की मेहनत का सौदा करने लगें तो आम बेरोजगार युवाओं का सिस्टम से भरोसा उठना लाजिमी है. फिलहाल पुलिस पता लगाने में जुटी है कि यह खेल सिर्फ इसी सेंटर पर चल रहा था या इसके तार किसी बड़े रिक्रूटमेंट सिंडिकेट से जुड़े हैं.



Source link